एनएच-91 पर आरबीएल कंपनी के नजदीक दो ट्रकों के बीच में बाइक आने पर एक परचून व्यापारी की हादसे में मौत हो गई। नाराज ग्रामीणों ने करीब ढाई घंटे तक सड़क जाम कर यातायात बाधित कर दिया।
पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सहायता राशि दिलाने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। पुलिस के मुताबिक कोतवाली बादलपुर क्षेत्र के गांव डेरी मच्छा निवासी नवीन कुमार (30) पुत्र महावीर बृहस्पतिवार सुबह बाइक से जीटीरोड स्थित परचून की दुकान खोलने जा रहा था।
केआरबीएल कंपनी के पास ट्रक चालक ने पीछे से टक्कर मार दी, उस दौरान एक ट्रक उसकी बाइक से आगे था। दोनों ट्रकों के बीच में आने पर टक्कर लगने पर बाइक से नीचे गिर गया। सड़क पर गिरने से ट्रक के नीचे आने पर उसकी मौत हो गई।
मौत की सूचना पाकर गांव डेरी मच्छा के ग्रामीण घटना स्थल पर पहुंच गए। गुस्साए ग्रामीणों ने जीटी रोड जाम कर दिया। जाम लगने पर वाहनों की लंबी लाइन लग गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस की एक नहीं सुनी। पुलिस ने जाम लगने के बाद वाहनों को गाजियाबाद के लाल कुंआ और दादरी डायवर्जन करा दिया।
घटना की सूचना पाकर उपजिलाधिकारी राजेश कुमार, पुलिस क्षेत्राधिकारी राकेश कुमार, दादरी, जारचा, बादलपुर, बिसरख थानों की भारी संख्या में पुलिस बल पहुंच गया।
नाराज ग्रामीणों को काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण पीड़ित परिजनों को सरकार द्वारा सहायता राशि की मांग पर अड़े रहे। ढाई घंटा बाद उपजिलाधिकारी और पुलिस क्षेत्राधिकारी ने मृतक के परिजनों को सहायता राशि दिलाने और चालक को गिरफ्तार कर कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। उसके बाद जाम खोला गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।