यदि आप सीएम सेल को भेजी शिकायतों की स्थिति जानना चाहते हैं तो कहीं भटकने की जरूरत नहीं है। घर बैठे वेबसाइट पर शिकायतों की स्थिति को आसानी से जाना जा सकता है। यह जानकारी नोडल अधिकारी गौरव अंतिल ने दी।
उन्होंने बताया कि जो शिकायतकर्ता अपनी शिकायत की स्थिति को देखना चाहता है उसे पहले सीएम हरियाणा सेल डॉट एनआईसी डॉट इन (cmhariyanacell.nic.in) को अपने कंप्यूटर पर खोलना होगा।
वेबसाइट खुलने पर स्वागत का पेज खुलेगा। उसके नीचे नोट पर ट्रैक ग्रीवेंस पर क्लिक करें। इसके बाद क्वेरी फार्म का पेज खुलेगा। उसमें पूछे गए सीएम शिकायत का नंबर जो चंडीगढ़ डिस्पैच से आया है, उसे अंकित करना होगा।
उसके नीचे दिए गए सुरक्षा कोड को लिखना होगा। इस प्रक्रिया को पूरी करने के बाद सबमिट करते ही शिकायत की स्थिति अर्थात कहां तक पहुंची है और क्या कार्रवाई की गई है, पूरी जानकारी आपके सामने होगी।