फरीदाबाद के थाना सूरजकुंड क्षेत्र में एक महिला ने अपने ससुराल वालों के खिलाफ दहेज में 21 लाख रुपये न लाने पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। महिला ने पति सहित चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। आरोप है कि जब महिला ने बेटे की फीस के लिए रुपये मांगे तो पति ने कहा कि उसे जहर दे कर मार दे।
थाना सूरजकुंड, लकड़पुर क्षेत्र के शिव दुर्गा विहार में रमेश शेखावत अपने परिवार के साथ रहते हैं। रमेश की बेटी भारती ने बृहस्पतिवार को थाना सुरजकुंड में दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी हरियाणा के भिवानी निवासी दीपक से करीब पांच वर्ष पहले हुई थी।
भारती के माता-पिता ने शादी में काफी पैसा खर्च किया और सभी सामान भी दिए। भारती का आरोप है कि इतने अधिक दहेज के बाद भी ससुराल वाले उसे और नगदी लाने के लिए प्रताड़ित करते थे।
पति दीपक, ससुर विरेंद्र सिंह सूबेदार, सास सुदेश, और देवर कृष्णपाल उससे 21 लाख रुपये लाने की मांग कर रहे थे। ऐसा न करने पर उसे शारीरिक व मानसिक रूप से परेशान करते थे। भारती ने इस बारे में अपने मायके वालों को बताया और पुलिस से शिकायत की। जिसके बाद पुलिस की मौजूदगी में पंचायत ने भारती के मायके व ससुराल वालों के बीच फैसला कराया, बाद में भारती ससुराल आ गई।
भारती का आरोप है कि कुछ दिनों बाद ससुराल वालों ने उसे फिर से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। आरोप है कि भारती ने जब पति से बेटे की स्कूल फीस मांगी तो उसने कहा कि उसे जहर देकर मार दे। जब पीड़िता ने विरोध किया तो ससुरल वालों ने उसे कुछ दिनों पहले मारपीट कर घर से निकाल दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।