फर्रूखनगर खंड के पातली गांव में सोमवार सुबह खेत से लौट रहे युवक को जीप के नीचे कुचलकर हत्या करने के मामले में 24 घंटे बीतने के बाद भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस के अलावा सीआईए की टीम आरोपियों की धरपकड़ के लिए जुटी हुई है लेकिन अभी तक आरोपी पुलिस की पकड़ में नहीं आ पाए है। पुलिस इस मामले में अब तक 10 से ज्यादा लोगों से पूछताछ कर चुकी है।
उल्लेखनीय है कि सोमवार को पातली गांव में सुबह साढ़े चार बजे हुई घटना के बाद गहमागहमी मच गई। पातली गांव निवासी सुभाष (28) के खेत से लौटते वक्त रास्ते में तेज रफ्तार में आ रहे जीप चालक ने कुचलकर मार डाला। घटनास्थल के सामने लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में सामने आया कि आरोपी ने युवक को चार बार जीप से कुचलकर उसके मरने के बाद फरार हो गया। हादसे की सूचना के बाद पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए।
पुलिस जांच में गांव के ही दो युवक हरीश और विकास का नाम सामने आया है जिनसे सुभाष से रुपये उधार ले रखे थे। रुपयों के लेन-देन को लेकर तीनों के बीच पहले भी हुए विवाद के बाद इन्होंने जीप के नीचे सुभाष को कुचलकर मार डाला। हादसे के बाद परिजनों ने लाश को रास्ते पर रखकर जाम लगा दिया। जिसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने जैसे-तैसे समझा बुझाकर ग्रामीणों को शांत किया।
इस मामले में फर्रूखनगर थाना पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर उनकी धरपकड़ शुरू कर दी थी। लेकिन वारदात को 24 घंटे बीत जाने के बाद अभी तक आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पूरे मामले को देखते हुए स्थानीय पुलिस की तीन टीमों के अलावा सीआईए यूनिट को भी आरोपियों को पकड़ने के लिए लगाया हुआ है जिसमें अबतक दस से ज्यादा लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ हो चुकी है। थाना प्रभारी के मुताबिक आरोपियों को पकड़ने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।