एक दिन में 16 कम हुए बहुत खराब श्रेणी वाले निगरानी केंद्र, 57 में से 26 पर हवा मध्यम स्तर पर पहुंची, 30 केंद्रों पर अब भी खराब स्थिति
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। दिल्ली की हवा में करीब 17 दिन बाद प्रदूषण से कुछ राहत मिली है। नवंबर की शुरुआत से लगातार गंभीर और बहुत खराब श्रेणी में बना वायु प्रदूषण अब धीरे-धीरे कम हो रहा है। इसका असर निगरानी केंद्रों के आंकड़ों में भी दिखाई देने लगा है। कुछ दिन पहले तक जहां दिल्ली के 16 से 17 निगरानी केंद्रों पर एक्यूआई 400 के पार दर्ज किया जा रहा था, वहीं मंगलवार, 17 नवंबर को केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के 57 वैध निगरानी केंद्रों में एक भी गंभीर श्रेणी में नहीं रहा।
सीपीसीबी के आंकड़ों के मुताबिक, मंगलवार को 26 केंद्रों पर हवा मध्यम, 30 पर खराब और केवल एक केंद्र पर बहुत खराब श्रेणी में दर्ज की गई। इसके उलट 16 नवंबर को 58 केंद्रों में से 17 पर हवा बहुत खराब और एक पर गंभीर श्रेणी में थी। यानी एक दिन में बहुत खराब श्रेणी वाले केंद्रों की संख्या 16 कम हुई, जबकि मध्यम श्रेणी वाले केंद्रों की संख्या दो से बढ़कर 26 पहुंच गई।
कई इलाकों में 100 अंक से ज्यादा गिरा एक्यूआई
प्रदूषण के स्तर में सबसे ज्यादा सुधार पंजाबी बाग और सिरीफोर्ट में देखने को मिला। पंजाबी बाग का एक्यूआई 363 से घटकर 240 रह गया। यहां 123 अंकों की गिरावट दर्ज की गई। वहीं, सिरीफोर्ट में एक्यूआई 424 से घटकर 303 पर पहुंच गया, यानी 121 अंक की कमी आई। आईआईटी दिल्ली में 92 और पूसा के आईआईटीएम केंद्र में 88 अंकों का सुधार दर्ज किया गया।
चांदनी चौक और आईटीओ में अब भी चिंता
प्रदूषण घटने के बावजूद राजधानी के कई इलाकों में हवा खराब श्रेणी में बनी हुई है। चांदनी चौक में 296, आईटीओ में 295, कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 294 और नॉर्थ कैंपस में 280 एक्यूआई दर्ज किया गया। वहीं, कैंटोनमेंट क्षेत्र में सबसे कम 122 एक्यूआई रहा। मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में 123 और झड़ोदा कलां में 135 एक्यूआई दर्ज किया गया।
पीएम 2.5 अब भी प्रमुख प्रदूषक
सीपीसीबी के अनुसार, 57 में से 47 निगरानी केंद्रों पर पीएम 2.5 प्रमुख प्रदूषक बना हुआ है, जबकि 10 केंद्रों पर पीएम 10 की अधिकता दर्ज की गई। इससे स्पष्ट है कि प्रदूषण का स्तर कम होने के बावजूद हवा में बारीक प्रदूषक कणों की मौजूदगी बनी हुई है। ऐसे में दिल्लीवासियों को अभी पूरी तरह प्रदूषण मुक्त हवा मिलने का इंतजार करना होगा।