नितिन राजपूत
पूर्वी दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में बढ़ता वायु प्रदूषण अब केवल फेफड़ों और दिल के लिए ही नहीं, बल्कि शरीर के शुगर संतुलन के लिए भी खतरा बन सकता है। विशेषज्ञों के अनुसार, प्रदूषण के संपर्क में रहने से शरीर में इंसुलिन बनाने वाली कोशिकाओं की कार्यक्षमता प्रभावित हो सकती है। इससे ब्लड शुगर का स्तर बिगड़ने और डायबिटीज का जोखिम बढ़ने की आशंका रहती है।
जीटीबी-यूसीएमएस अस्पताल के मेडिसिन विभाग के प्रोफेसर डॉ. अमितेश अग्रवाल ने बताया कि वायु प्रदूषण के कारण शरीर में सूजन और ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस बढ़ता है। ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस ऐसी स्थिति है, जिसमें शरीर की कोशिकाओं को नुकसान पहुंचता है। इसका असर पैंक्रियाज (अग्नाशय) पर भी पड़ सकता है। पैंक्रियाज में मौजूद बीटा कोशिकाएं इंसुलिन का निर्माण करती हैं। इंसुलिन एक महत्वपूर्ण हार्मोन है, जो रक्त में शुगर के स्तर को नियंत्रित रखने में मदद करता है।
प्रदूषण के कारण इन बीटा कोशिकाओं की कार्यक्षमता प्रभावित होने पर इंसुलिन के निर्माण और उसके रिलीज होने की प्रक्रिया में बाधा आ सकती है। इसका असर शरीर के शुगर नियंत्रण पर पड़ता है। इसके अलावा, प्रदूषण शरीर की मेटाबॉलिज्म प्रक्रिया को भी प्रभावित कर सकता है। मेटाबॉलिज्म वह प्रक्रिया है, जिसके जरिए शरीर भोजन को ऊर्जा में बदलता है। इसमें गड़बड़ी होने से शरीर की सामान्य कार्यप्रणाली प्रभावित हो सकती है।
डायबिटीज के लिए प्रदूषण अकेला जिम्मेदार नहीं
डॉ. अग्रवाल के अनुसार, प्रदूषण और डायबिटीज के बीच संबंध के संकेत मिले हैं, लेकिन अभी यह साबित नहीं हुआ है कि प्रदूषण ही इस बीमारी का एकमात्र कारण है। डायबिटीज होने के पीछे कई कारक जिम्मेदार होते हैं। इनमें असंतुलित खानपान, शारीरिक गतिविधियों की कमी, मोटापा, आनुवंशिक कारण और जीवनशैली से जुड़ी आदतें प्रमुख हैं। इसलिए बीमारी के जोखिम को समझते समय इन सभी पहलुओं पर ध्यान देना जरूरी है।
बच्चों को बाहर ले जाने से पहले जांचें एक्यूआई
डॉक्टरों का कहना है कि वायु प्रदूषण पूरे साल बना रहता है, लेकिन सर्दियों में इसका स्तर अधिक बढ़ जाता है। ऐसे में बच्चों को बाहर खेलने या घुमाने ले जाने से पहले एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) जरूर देखना चाहिए। प्रदूषण का स्तर अधिक होने पर उन्हें बाहर खेलने से बचाएं। बाहर जाना जरूरी हो तो सड़क किनारे की जगह खुले पार्क का चयन करें और ऐसा समय चुनें, जब वायु गुणवत्ता अपेक्षाकृत बेहतर हो। प्रदूषण से बचाव के साथ संतुलित खानपान और नियमित शारीरिक गतिविधियां भी डायबिटीज के जोखिम को कम करने में मददगार हो सकती हैं।