ग्रेटर नोएडा में हाल ही में हुए अफ्रीकी छात्रों पर हुए हमले के बाद से स्थिति को सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसी के तहत बुधवार को भारतीय और विदेशी छात्रों के बीच फुटबॉल मैच खेला गया।
शारदा विश्वविद्यालय में खेले गए मैत्री मैच में चांसलर इलेवन और एंबेसी इलेवन के बीच मुकाबला हुआ। इस मौके पर कई अफ्रीकी देशों के राजनयिक, विधायक, डीएम के अलावा शारदा विवि के निदेशक भी मौजूद रहे।
दोनों टीमों में भारतीय छात्रों के अलावा केन्या, सोमालिया, सूडान, गुयाना, नाइजीरिया, सऊदी अरब, नेपाल और अफगानिस्तान के छात्रों को शामिल किया गया था।
मैच में एंबेसी इलेवन ने 3-1 से चांसलर इलेवन को हरा दिया। एंबेसी इलेवन की ओर से कप्तान नबील, अबू बकर, एरन ने गोल किए। वहीं, चांसलर इलेवन की ओर से एकमात्र गोल हानन ने किया।
मैच के दौरान जहां देसी और विदेशी छात्र साथ खेलकर भाईचारे का पैगाम दे रहे थे। वहीं, मैदान के बाहर अफ्रीकी देशों की एंबेसी और विदेशी यूनिवर्सिटी से आए अधिकारियों और भारतीय अधिकारियों भी एक दूसरे से बातचीत करने नजर आए।
मैच के दौरान सूडान एंबेसी से ओसमान मोहम्मद और सोमालिया एंबेसी से अमल मोहम्म्द सईद समेत कई देशों के विश्वविद्यालयों से आए अधिकारी मौजूद रहे। साथ ही विधायक धीरेंद्र सिंह और डीएम एनपी सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।