सब कुछ योजना के मुताबिक रहा तो ग्रेटर नोएडा में अफगानिस्तान और जिम्बाब्वे क्रिकेट सीरीज होगी। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (एसीबी) की ओर से ग्रेटर नोएडा के शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कांप्लेक्स के क्रिकेट ग्राउंड को बेस कैंप बनाने की तैयारी है।
बातचीत सफल रही तो आने वाले समय में अफगानिस्तान की नेशनल क्रिकेट टीम के कई अंतरराष्ट्रीय स्तर के मैच ग्रेटर नोएडा में ही होंगे।
शुक्रवार को एसीबी के सीईओ शफीकउल्लाह स्टनकजाई, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ दीपक अग्रवाल और जनरल मैनेजर राजीव त्यागी के साथ बैठक हुई। बेस कैंप बनाने के लिए सभी पक्षों पर बातचीत हुई।
प्राधिकरण की ओर से उन्हें गौतमबुद्ध यूनिवर्सिटी (जीबीयू) कैंपस का भी दौरा कराया गया। जल्द दोनों ओर से करार पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है। इसके बाद अफगानिस्तान की घरेलू टीमें दिसंबर के दूसरे सप्ताह से ग्रेनो स्टेडियम में मैच खेलेंगी। टीमों के ठहरने की व्यवस्था जीबीयू में की जाएगी।
बीसीसीआई के सचिव अनुराग ठाकुर पिछले दिनों स्टेडियम का दौरा कर चुके हैं। पिच से वह काफी प्रभावित हैं। उन्होंने ही अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड से यहां मैच कराने के लिए इच्छा जाहिर की थी, ताकि स्टेडियम को अंतर्राष्ट्रीय पहचान दिलाई जा सके।