दक्षिणी दिल्ली नगर निगम ने नागरिकों को बेहतर सुविधाएं देने और उनकी समस्याओं का समय से समाधान करने के लिए ‘एडवांटेज-7’ नाम से सात सूत्रीय कार्यक्रम शुरू किया है। इसके माध्यम से लोग निगम से संबंधित समस्याएं और सुझाव उन्हें भेज सकते हैं।
कार्यक्रम शुरुआत स्थायी समिति के अध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने शुक्रवार को सिविक सेंटर में की। इस दौरान मेयर खुशीराम, सदन के नेता सुभाष आर्य आदि मौजूद रहे।
इस मौके पर सतीश उपाध्याय ने बताया कि निगम ने ‘एसडीएमसी थर्ड आई’ मोबाइल एप्लीकेशन बनाई है, जिसे लोग गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें: अब ऑनलाइन जमा करें पानी का बिल
इसके जरिए वार्ड एवं जोन से संबंधित शिकायतें व सुझाव फोटो या वीडियो के रूप में भेजी जा सकती हैं। चारों क्षेत्रीय कार्यालयों व मुख्यालय में शिकायत/सुझाव पेटिका को लगाया गया है, जिनमें शिकायत डाली जा सकती हैं।
उन्होंने कहा कि एक विशेष टास्क फोर्स का भी गठन किया जा रहा है, जो कार्यालयों में आई शिकायतों के समाधान पर नजर रखेगी।
वहीं, अब लोग समस्याएं निगम की वेबसाइट पर भी दर्ज करा सकते हैं। जल्द ही एक विशेष हेल्पलाइन नंबर भी चालू किया जाएगा। शिकायतों को वो खुद प्रत्येक माह की 1 और 16 तारीख को सुनेंगे।
क्या है एडवांटेज-7
- एसडीएमसी थर्ड आई
- शिकायत/सुझाव पेटिका
- विशेष टास्क फोर्स
- वेबसाइट
- हेल्पलाइन नंबर
- एसएमएस
- जनसुनवाई