सब्सिडी और योजना से जुड़ी प्रक्रियाओं पर सदस्यों ने व्यक्त की चिंताएं
नई दिल्ली। पीएम सूर्य घर योजना के तहत सोलर पैनल लगाने को लेकर ऑल द्वारका रेजिडेंट फेडरेशन (एडीआरएफ) ने बीएसईएस की ओर से आयोजित जागरूकता सत्र में हिस्सा लिया। कार्यक्रम में सोसाइटी के सदस्यों ने सोलर पैनल लगाने की प्रक्रिया, सब्सिडी और योजना से जुड़े अन्य मुद्दों पर बीएसईएस की टीम के सामने अपनी चिंताएं रखीं। एडीआरएफ की ओर से बीएसईएस से सीजीएचएस और डीडए की रिहायशी सोसाइटियों के लिए अलग से विस्तृत जागरूकता सत्र आयोजित करने का अनुरोध किया गया।
संगठन का कहना है कि इस तरह के सत्र से लोगों को योजना, सब्सिडी और सोलर पैनल लगाने की प्रक्रिया की सही जानकारी मिल सकेगी। कार्यक्रम में द्वारका ए के पार्षद राम निवास भी शामिल हुए। इस दौरान स्थानीय स्तर पर सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने और अधिक से अधिक लोगों को योजना से जोड़ने पर चर्चा हुई। एडीआरएफ की सीनियर वाइस प्रेसिडेंट निधि गुप्ता ने कहा कि संगठन द्वारका को बेहतर और पर्यावरण के लिहाज से अधिक अनुकूल बनाने के लिए लगातार काम कर रहा है। सोलर ऊर्जा को बढ़ावा देना भी इसी दिशा में एक अहम कदम है।