नई दिल्ली। ईस्ट ऑफ कैलाश के संत नगर हिल इलाके में सड़क पर अतिक्रमण और जगह-जगह पड़े पत्थरों के कारण स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, सड़क किनारे सामान और अन्य सामग्री रखे जाने से पहले ही रास्ता संकरा है, ऊपर से पत्थर पड़े होने के कारण आवाजाही और मुश्किल हो गई है। इलाके में सड़क का एक हिस्सा पैदल चलने वालों और वाहनों के लिए इस्तेमाल होता है, लेकिन अतिक्रमण के कारण लोगों को सड़क के बीच से होकर निकलना पड़ता है।
स्थानीय निवासी रमेश ने बताया कि सड़क पर पड़े पत्थर भी परेशानी बढ़ा रहे हैं। कई पत्थर सड़क के किनारे बेतरतीब ढंग से रखे हैं, जिससे वाहन चालकों को रास्ता बदलकर निकलना पड़ता है। स्थानीय लोगों को डर है कि रात के समय इन पत्थरों से दुर्घटना हो सकती है। निवासियों के अनुसार, अतिक्रमण को लेकर प्रशासन से शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है। उनका आरोप है कि कार्रवाई नहीं होने से धीरे-धीरे सड़क का बड़ा हिस्सा कब्जे की चपेट में आ रहा है। लोगों ने प्रशासन से सड़क से अतिक्रमण और पत्थरों को हटाने की मांग की है।