हरियाणा एजुकेशन एक्ट की धारा 134ए के तहत गरीब बच्चों को निजी स्कूलों में दाखिला लेने के लिए एक बार फिर से ‘इम्तहान’ देना होगा। इसके लिए शिक्षा विभाग की ओर से 30 अगस्त को परीक्षा का आयोजन कराया जाएगा। परीक्षा ओल्ड फरीदाबाद स्थित कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में सुबह 11:00 बजे से आयोजित कराई जाएगी।
इसमें तीसरी से 12वीं कक्षा में दाखिला लेने वाले 100 बच्चे हिस्सा लेंगे। 134 ए के तहत निजी स्कूलों में गरीब-प्रतिभावान विद्यार्थियों को एक बार फिर से दाखिला दिलाने की प्रक्रिया शिक्षा निदेशालय की ओर से शुरू की गई है।
बताया जाता है कि मार्च-अप्रैल में निजी स्कूलों में गरीब बच्चों को दाखिला दिलाने के लिए अभिभावकों से ऑनलाइन आवेदन कराया गया था। जिसकी एक परीक्षा का आयोजन अप्रैल में हो चुका है।
उस परीक्षा में शामिल होने के लिए जिले से 248 बच्चों के अभिभावकों ने आवेदन किया था। लेकिन परीक्षा के दिन केवल 87 बच्चों ने हिस्सा लिया। तय तिथि के बाद आवेदन करने वाले अभिभावकों के बच्चों को निजी स्कूल में दाखिला दिलाने के लिए इस परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है।
जिला शिक्षा अधिकारी राजीव कुमार अरोड़ा ने बताया कि परीक्षा को लेकर तैयारी पूरी कर ली गई है। इसमें बैठने वाले बच्चों के अभिभावकों को एसएमएस के माध्यम से सूचित कर दिया गया है।