- ऑनलाइन आवेदन 12 मार्च तक किया जा सकता है
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली के सीएम श्री स्कूलों में छठी, नौवीं व 11वीं में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुक्रवार से शुरू हो गई। दाखिले के इच्छुक छात्रों के अभिभावक शिक्षा निदेशालय की वेबसाइट www.edudel.nic.in से ऑनलाइन आवेदन 12 मार्च तक कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। छठी से नौवीं कक्षा में दाखिले के लिए परीक्षा का आयोजन मार्च के अंतिम सप्ताह में किया जाएगा। जबकि 11वीं में प्रवेश के लिए परीक्षा का आयोजन मई में होगा।
सीएम श्री स्कूलों में वही छात्र दाखिला ले सकते हैं जो कि दिल्ली के निवासी होंगे। दिल्ली से बाहर के छात्र इन स्कूलों में दाखिले के लिए आवेदन नहीं कर सकते हैं। हालांकि ऐसे छात्र जो कि शैक्षणिक सत्र 2025-26 में दिल्ली के किसी मान्यता प्राप्त स्कूल में पढ़ाई कर रहे थे, वह दाखिला लेने के योग्य हैं। वहीं इन स्कूलों में पचास प्रतिशत सीटें सरकारी स्कूलों में पांचवीं, आठवीं, व दसवीं पास करने वाले छात्रों के लिए सीटें आरक्षित रहेंगी। शिक्षा निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि दाखिले के लिए एक बार स्कूल आवंटन हो जाने के बाद उनका स्थानांतरण अन्य स्कूलों में नहीं किया जाएगा।
शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार छठी कक्षा में दाखिले के लिए आयोजित प्रवेश परीक्षा में कोई नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी। जबकि 9वीं व 11वीं के लिए आयोजित होने वाली प्रवेश परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग की जाएगी। छठी में परीक्षा आयोजन 300 अंकों के लिए और 9वीं व 11वीं के लिए प्रवेश परीक्षा 400 अंकों के लिए आयोजित होगी।