संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। अतिरिक्त उपायुक्त ज्योति ने वीरवार को संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर समारोह स्थल की व्यवस्थाओं की समीक्षा की और सभी तैयारियां समय से पहले पूरी करने के निर्देश दिए। बैठक में साफ-सफाई, सजावट, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, बिजली, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। एडीसी ने स्पष्ट किया कि समारोह के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए। इसके लिए संबंधित अधिकारी अपने-अपने विभाग की व्यवस्थाओं की व्यक्तिगत रूप से निगरानी करेंगे।
शिक्षा विभाग को सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए। इसमें विद्यार्थियों की रिहर्सल, कार्यक्रमों का क्रम और गीतों के बोल सहित अन्य तैयारियों को अंतिम रूप देने को कहा गया। एडीसी ज्योति ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस जिले का महत्वपूर्ण राष्ट्रीय पर्व है, इसलिए समारोह में किसी तरह की कमी नहीं रहनी चाहिए। सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ काम करें और निर्धारित जिम्मेदारियों को समय पर पूरा करें। बैठक में एएसपी वाईवीआर शशि शेखर, डीएमसी शशि वसुंधरा, एसडीएम नूंह कुंवर आदित्य विक्रम, जिला शिक्षा अधिकारी राजेंद्र शर्मा, उप सिविल सर्जन डॉ. विशाल सिंगला सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।