बॉलीवुड के हास्य कलाकार जॉनी लीवर ने मंगलवार को अपनी चुटकीली बातों और अंदाज से तिहाड़ जेल में कैदियों को खूब हंसाया।
जेल-एक में कैदियों के लिए गीत-संगीत का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। बॉलीवुड गायकों ने भी अपने गीत से कैदियों को झूमाया।
इस दौरान जॉनी ने कहा कि यहां आकर अच्छा लगा। यदि उन्हें भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम के लिए बुलाया जाता है तो वे जरूर आएंगे। कैदियों को प्यार देकर सही रास्ते और समाज की मुख्य धारा में लाने का प्रयास किया जाना चाहिए।
कार्यक्रम में बॉलीवुड गायक सपना मुखर्जी और गीतकार अमित और सुमित कुमार भी शामिल हुए। जेल संख्या-एक के सुपरिटेंडेंट राजेश चौहान ने बताया कि इस आयोजन में जेल फंड का किसी तरह का खर्च नहीं हुआ।
इस तरह के कार्यक्रम से कैदियों के मन से नकारात्मक विचार खत्म होते हैं। इस दौरान जेल महानिदेशक आलोक वर्मा, डीआईजी जेल मुकेश प्रसाद मौजूद थे।