अमर उजाला फाउंडेशन, एसआईएमएस अस्पताल, वाडापलानी चेन्नई के सहयोग से देश के छह राज्यों से आने वाले करीब 25 तेजाब पीड़ितों में से 10 की आगामी शनिवार को प्रसिद्ध सर्जन डॉ. के. श्रीधर के नेतृत्व में एसआईएमएस अस्पताल में सर्जरी करवाने की व्यवस्था कर रहा है। यह सर्जरी बिल्कुल निःशुल्क होगी।
मरीजों को देश के सबसे अच्छे और जाने-माने बर्न स्पेशलिस्टों से सलाह व इलाज कराने का मौका मिलेगा। अपनी तरह का यह देश का पहला कैंप होगा जहां पर इतने तेजाब पीड़ितों का एक साथ इलाज किया जाएगा। आने वाले 25 मरीजों में से 10 को उपचार की प्राथमिकता के आधार पर सर्जरी के लिए चुना जाएगा। शिविर के पहले दिन शनिवार, 15 जुलाई को तेजाब पीड़ितों का रजिस्ट्रेशन होगा, विशेषज्ञ मरीजों के साथ सलाह-मशविरा करेंगे और पीड़ितों के विभिन्न सैंपल लिए जाएंगे।
रविवार 16 जुलाई को टेस्ट के रिजल्ट आने के बाद मरीजों को ऑपरेशन के लिए भर्ती किया जाएगा और 17 जुलाई से ऑपरेशन शुरू होंगे। यह सिलसिला 20 जुलाई यानी गुरुवार तक जारी रहेगा। शिविर में बगैर सर्जरी किए हुए एच.बी.ओ.टी. (घाव ठीक होने के लिए), लेजर (कार्बनडाई ऑक्साइड और आर.एफ.एम.एन.) चिकित्सा टैटू, बालों का प्रत्यारोपण और कृत्रिम जोड़-पट्टी आदि तरीकों से घावों का उपचार किया जाएगा। इसी शिविर के माध्यम से मरीजों को नौकरी और शिक्षा के अवसर भी प्रदान किए जाएंगे।
आप भी बढ़ाएं मदद का हाथ
कहां से कितने मरीज
इस शिविर में हिस्सा लेने के लिए उत्तर प्रदेश से चार, दिल्ली से तीन, बिहार से तीन, कर्नाटक से सात, तेलंगाना से चार और तमिलनाडू से पांच तेजाब पीड़ित पहुंच रहे हैं। इनके आने-जाने, रहने की सारी व्यवस्थाएं अमर उजाला फाउंडेशन कर रहा है। उल्लेखनीय है कि अमर उजाला फाउंडेशन पिछले पांच वर्षों से तेजाब पीड़ितों का लखनऊ, वाराणसी, दिल्ली और चैन्नई में निःशुल्क इलाज करवा रहा है।
सर्जरी एक नजर में
-14 जुलाई को देश के विभिन्न हिस्सों से तेजाब पीड़ित चैन्नई पहुंचेंगे
-15 जुलाई को मरीजों से सलाह-मशविरा, टेस्ट सैंपल लेंगे,
-16 को टेस्ट के रिजल्ट आने के बाद, मरीजों को भर्ती किया जाएगा
-17 जुलई से 20 जुलाई तक ऑपरेशन होंगे
-इसके अलावा मरीजों को नौकरी और शिक्षा के अवसर भी प्रदान किए जाएंगे।
आप भी मदद का हाथ बढ़ाएं
आप भी मदद करना चाहें, तो - Amar Ujala Foundation Acid Victim Empowerment Fund के नाम से चेक दे सकते हैं। चेक के साथ अपना नाम, पूरा पता, मोबाइल नंबर और पैन नंबर की जानकारी अवश्य भेजें। हमारा पता है - Amar Ujala Foundation, C-21/22, Sector-59, Noida - 201301। सहयोग राशि पर 80G के तहत टैक्स में छूट मिलेगी। संपर्कः- 0120 - 4694138/ 4694250