अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। मुखर्जी नगर में हिंदू कॉलेज की दो छात्राओं से छेड़छाड़ और एक छात्रा को कार में खींचने की कोशिश के मामले में अभी तक आरोपियों का सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस ने आरोपी युवकों की सफारी कार भलस्वा डेयरी इलाके में स्थित एक पार्किंग से बरामद कर ली है। जांच के दौरान पता चला कि कार पर करीब 44 हजार रुपये का ट्रैफिक चालान बकाया है, जिसमें ज्यादातर चालान ओवर स्पीड का है।
उत्तर पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव के अनुसार छात्राओं ने आरोप लगाया था कि एक आरोपी नमन चौधरी है, जो करावल नगर में रहता है और लॉ का छात्र है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक घटना के बाद से ही आरोपियों की तलाश में जिले के सभी यूनिटों की टीम जुटी हुई है।