गाजियाबाद के मुरादाबाद नगर में 18 जून की रात थाने के सामने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले में आरोपी फरार था। शुक्रवार को पुलिस मुठभेड़ में आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
मुरादनगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को स्वाट और स्थानीय पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान 25,000 रुपये के इनामी बदमाश मोंटी चौधरी को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक अवैध 0.32 बोर पिस्टल, दो खोखा कारतूस, तीन जिंदा कारतूस और एक चोरी की सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद हुई।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार, रावली रोड पर गश्त के दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वह भागने लगा। पीछा करने पर उसकी बाइक फिसल गई। पुलिस ने उसे पकड़ने की कोशिश की तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली से मोंटी के दोनों पैरों में चोट लगी और वह गिर पड़ा। उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पूछताछ में मोंटी ने बताया कि उसने 18 जून को मुरादनगर में पूर्व विधायक के भतीजे रवि शर्मा की हत्या की थी और तब से फरार था। मोंटी के खिलाफ पहले से दुष्कर्म और हत्या के मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।