अपराध शाखा सेक्टर-43 टीम ने अंतरराष्ट्रीय नशा गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए छह नाइजीरियन, एक नेपाली समेत आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसमें एक महिला को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से पुलिस ने दो किलो कच्चा कोकीन, एक किलो सुल्फा, 42 मोबाइल, तीन इलेक्ट्रॉनिक्स स्केलस, आठ पैकिंग पैकेट, पासपोर्ट समेत साढ़े सात हजार रुपये बरामद किए हैं।
अपराध शाखा सेक्टर-43 के निरीक्षक नरेंद्र कुमार ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि एक नेपाल मूल का युवक भारत से नशीला पदार्थ लेकर नेपाल में बेचता है। उन्होंने अपनी टीम के साथ मिलकर सेक्टर-39 से सोमवार को नेपाल के पोखरा निवासी बिमल पहाड़ी को एक किलो 60 ग्राम सुल्फा और 116 ग्राम कोकीन के साथ गिरफ्तार किया। टीम ने आरोपी के खिलाफ सदर थाने में मामला दर्ज कराया है। आरोपी को मंगलवार को अदालत में पेश करके चार दिन की रिमांड पर लिया गया।
रिमांड के दौरान आरोपी ने बताया कि वह दिल्ली से अपनी गर्लफ्रेंड से नशीला पदार्थ लेकर आता है। टीम ने महिला और एक नाइजीरियन को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार हुए आरोपियों की पहचान मिजोरम के ट्रिब्यूनल दक्षिण बी. आईजॉल निवासी लाल कोठारी, नाइजीरियन नागरिक उगोचुकमु जॉन उर्फ डेविड के रूप में हुई। आरोपियों को अदालत में पेश करके रिमांड पर लिया गया। बृहस्पतिवार को डेविड से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने दिल्ली के छतरपुर में रेड की।
वहां से पुलिस ने नाइजीरियन मूल के ननजियोफोर पीटर, हेनरी ओनुचुकवु, ओजुकवा इफेन्या, फ्राइडे टोबियास, और ओकोली को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार हुए आरोपियों के पास से 788 ग्राम कोकीन, दो किलो 34 ग्राम कच्चा कोकीन , 42 मोबाइल समेत अन्य सामान बरामद किया। आरोपी ओकोली के अलावार किसी भी आरेपी के पास भारत में रहने के लिए कोई भी वैध दस्तावेज नहीं पाया गया। आरोपी उगोचुकमु जॉन उर्फ डेविड पर दिल्ली में और हेनरी ओनुचुकवु पर हिमाचल प्रदेश में मामला एनडीपीएस की धाराओं में मामला दर्ज है।