मूरी एक्सप्रेस दुर्घटना के बाद सोमवार देर रात प्रयागराज एक्सप्रेस अचानक रद्द कर दी गई। इससे ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्री नाराज दिखे।
आरक्षण केंद्र बंद होने से यात्री टिकट कैंसिल कर रिफंड भी नहीं ले सके। कई यात्री न तो ट्रेन पकड़ पाए न ही रिफंड ले पाए।
प्रयागराज एक्सप्रेस के रद्द होने और गाजियाबाद इलाहाबाद रूट पर ट्रेनों के अनिश्चित काल के लेट होने से कई यात्री मायूस घर लौट गए तो कई दूसरी ट्रेन के इंतजार में स्टेशन पर बैठे रहे।
नार्दन रेलवे के सीपीआरओ नीरज शर्मा ने बताया कि जो यात्री टिकट नहीं रद्द करा सके हैं वे मंगलवार को टिकट कैंसिल कराकर रिफंड ले सकते हैं।
घर में दादा जी की तबीयत खराब है। इलाहाबाद घर जाना था। तत्काल टिकट लिया था। टिकट भी नहीं वापस हुआ। घर हरहाल में पहुंचना था। दूसरी ट्रेन में जाएंगे।- नईम खान
कई रेलगाड़ियां लेट
कौशांबी जिले के सिराथू में सोमवार दोपहर मूरी एक्सप्रेस के 9 डिब्बे पटरी से उतरने के कारण आनंद विहार कोलकाता एक्सप्रेस (13131/32) रद्द कर दी गई।
गाजियाबाद और इलाहाबाद रूट पर चलने वाली ट्रेनें लेट रहीं। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। टेलीकॉम विभाग के एसएसई आईपी सिंह ने बताया कि घटना से संबंधित पूछताछ के लिए 1072 हेल्पलाइन नंबर शुरू किया गया है।