योगेंद्र यादव गुट के कई नेताओं को आम आदमी पार्टी (आप) से निष्कासित करने के बावजूद पार्टी और पद को लेकर गुड़गांव में विवाद बना हुआ है। योगेंद्र यादव गुट से संबंध रखने वाला एक धड़ा आज भी खुद को ‘आप’ का हिस्सा मानता है।
जबकि, नवीन जयहिंद समर्थकों का कहना है कि जो लोग योगेंद्र यादव के साथ पार्टी में आए थे, उनकी रुखसत होने के साथ ही इनका भी पार्टी से अस्तित्व समाप्त हो गया है।
बता दें कि अभी आप की गुड़गांव इकाई में उठा-पटक मची है। अरविंद केजरीवाल-नवीन जयहिंद ग्रुप लगभग पूरी तरह से पार्टी की जिला इकाई पर हावी हो चुका है। उसका मानना है कि पूर्व आईएएस अधिकारी आरसी राव, हरपाल सरीखे लोग शुरू से योगेंद्र यादव के आदमी रहे हैं।
योगेंद्र के हर कदम के साथ उनकी आस्था जुड़ी हुई है। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता अभय जैन ने बताया कि राव साहब योगेंद्र यादव के पिता के दोस्त रहे हैं। वह उनके संपूर्ण क्रांति दल में भी थे, योगेंद्र यादव जब आप में आए तो वे भी पार्टी में उनके साथ आ गए।