आम आदमी पार्टी के नेता आशुतोष ने यह दावा कर बहस तेज कर दी है कि गुजरात में 'आप' के डर से भाजपा अपनी सीएम आनंदीबेन पटेल को बदलने जा रही है।
आशुतोष ने अपने ट्वीट्स के माध्यम से यह दावा किया कि दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की गुजरात यात्रा के चलते अब भाजपा आनंदी बेन को बदलने पर गंभीरता से विचार कर रही है।
उन्होंने एक ऑनलाइन सर्वे का हवाला देते हुए बताया कि अगर आज चुनाव हों तो गुजरात में आम आदमी पार्टी भारी बहुमत से जीतेगी और भाजपा कहीं मुकाबले में भी नहीं होगी।
आशुतोष ने ट्वीट कर कहा, 'सूत्रों के हवाले से- केजरीवाल के दो दौरे के बाद भाजपा आनंदी बेन पटेल को बदलने पर गंभीरता से विचार कर रही है। दो महीने के अंदर ऐसा हो जाएगा। तीन नाम इस दौड़ में हैं।'
एक अन्य ट्वीट में आशुतोष का सूत्रों के हवाले से दावा है कि, 'आनंदी बेन पाटीदारों को संभालने में नाकाम रहीं/दलितों की पिटाई पर देरी से कार्रवाई की। केजरीवाल को मिले लोगों के अच्छे रेस्पॉन्स ने भाजपा को हिला दिया। गुजरात के लिए नए सीएम की तलाश है।'