आम आदमी पार्टी (आप) दिल्ली डायलॉग के तहत बुधवार को महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर विमर्श करने जा रही है। तालकटोरा गार्डन में दोपहर बाद तीन बजे कार्यक्रम की शुरुआत होगी। इसमें फिल्म अदाकारा गुल पनाग, देश की पहली महिला डीजीपी कंधान चौधरी, एक्सिस बैंक की उपाध्यक्ष मनीषा लता गुप्ता शिरकत करेंगी।
इस दौरान पार्टी महिलाओं से कुछ खास मुद्दों पर रायशुमारी करेगी। इनमें प्रमुख रूप से सरकार बनने पर आम आदमी पार्टी पूरी दिल्ली को सीसीटीवी के दायरे में लाए जाने की बात होगी। पार्टी का मानना है कि इससे राजधानी महफूज होगी। इसी चुनावी वायदे के साथ ‘आप’ दिल्ली चुनाव में उतर रही है। ‘आप’ नेता आशीष खेतान ने बताया कि पार्टी इस दिशा में गंभीरता से विचार कर रही है।
सभी सार्वजनिक स्थलों, बसों और बाजारों में कैमरे लगाए जाएंगे, फिर इसकी 24 घंटे की निगरानी का भी इंतजाम होगा। बुधवार को होने वाले दिल्ली डॉयलाग के लिए करीब 12 बड़े मुद्दों की पहचान की गई है। पार्टी इसे अपने घोषणा पत्र में शामिल करेगी।