दूसरा प्रस्ताव रविंदर भारद्वाज और रेखा रखेंगी। इसमें एमसीडी कमिश्नर को हाउस आदेश देगा कि आगे से कोई भी नोटिस नहीं भेजा जाए। तीसरा प्रस्ताव पार्षद प्रेम चौहान और देवेंद्र कुमार लेकर आएंगे। इसमें यह होगा कि जिनको भी यह नोटिस भेजे गए हैं, उन पर कोई कार्रवाई न की जाए। चौथा और सबसे महत्वपूर्ण प्रस्ताव नेता सदन मुकेश गोयल और मोहनी लाएंगी। इस प्रस्ताव के अनुसार दिल्ली के जितने भी लोकल और कॉमर्शियल शॉपिंग सेंटर हैं, एमसीडी के पास उन्हें नोटिस भेजने का कोई अधिकार नहीं है इसलिए आगे से यहां किसी भी प्रकार का नोटिस न भेजा जाए। चारों प्रस्ताव पास होने के बाद दिल्ली के व्यापारियों और हर वर्ग के व्यक्ति को राहत प्राप्त होगी।
उधर, आप ट्रेड विंग के नेता बृजेश गोयल ने सरकार से मांग की है कि कमला नगर, कीर्ति नगर, करोल बाग में भेजे गए नोटिस को निरस्त किया जाए। इस बाबत व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल ने मेयर शैली ओबरॉय व एमसीडी डिप्टी कमिश्नर अंकिता मिश्रा से मुलाकात भी की। उन्हें बताया कि पुरानी दिल्ली के बाजारों में दो हजार दुकानदारों को कन्वर्जन चार्ज नहीं जमा कराने पर सीलिंग की चेतावनी दी गई है।