आम आदमी पार्टी (आप) ने एक बार फिर पीक आवर्स कैंपेन शुरू किया है। सोमवार को पार्टी कार्यकर्ता राजधानी में करीब 80 फ्लाईओवर व फुटओवर ब्रिज पर बड़े-बड़े बैनर लेकर खड़े दिखाई दिए। इसके साथ ही पार्टी का प्रचार अभियान तीसरे दौर में पहुंच गया है।
पहले दौर की शुरुआत पिछले महीने कामर्शियल साइट्स पर अरविंद केजरीवाल के बड़े-बड़े होर्डिंग लगाए गए। इसके बाद ऑटो के पीछे केजरीवाल बनाम जगदीश मुखी का पोस्टर लगा। तीसरे दौर में पीक आवर्स कैंपेन शुरू किया गया है।
इसके तहत सुबह और शाम के पीक आवर्स में पार्टी कार्यकर्ता राजधानी के फ्लाईओवर और फुटओवर ब्रिज पर बड़े-बड़े बैनर लेकर दिखेंगे। पहले दिन सोमवार को आईटीओ, आश्रम, नारायणा, पंजाबी बाग, राजा गार्डन फ्लाईओवर समेत करीब 80 जगहों पर बैनर लगाए गए। पार्टी का मानना है कि इसका दोहरा फायदा होगा। एक तरफ जहां प्रचार पर मामूली रकम खर्च होगी। वहीं दिल्लीवासियों तक पार्टी का संदेश भी जाएगा।