आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल ने लोकसभा की 80 सीटों वाले यूपी को ध्यान में रखकर शनिवार से तीन दिन की यूपी यात्रा की शुरुआत की।
गाजियाबाद के कौशांबी स्थित पार्टी के ऑफिस से केजरीवल ने इस यात्रा की शुरुआत की। केजरीवाल आज 500 किमी की यात्रा करेंगे। इस दौरान केजरीवाल 15 लोकसभा क्षेत्रों में रोड शो करेंगे। रविवार को कानपुर में केजरीवाल की रैली है।
केजरीवाल ने कहा कि चाहे बीजेपी हो या कांग्रेस, देश में कुछ नहीं बदलेगा। दोनों पार्टियां देश को लूट रही हैं। भ्रष्टाचार, महंगाई और सांप्रदायिकता हमारी पार्टी का मुख्य मुद्दा है, जिसे उखाड़ फेंकना है।
रविवार को कानपुर में रैली भी करेंगे
आज के इस रोड शो में केजरीवाल हापुड़, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर और बरेली होते हुए हरदोई तक पहुंचेंगे।
रविवार को यह रोड शो हरदोई से शुरू होकर उन्नाव के रास्ते कानपुर पहुंचेगी। केजरीवाल को कानपुर में रविवार को एक रैली को संबोधित करना है। इस दौरान वह व्यापाररियों और समाजिक संगठन के नेताओं से भी मिलेंगे।
इस रोड शो के तीसरे दिन दिल्ली लौटने के क्रम में केजरीवाल औरेया, इटावा, फिरोजाबाद, आगरा, मथुरा और पलवल में छोटी-छोटी सभाएं करेंगे।
एनसीआर से लगते जिलों में पार्टी को उम्मीदें
पार्टी के पॉलिटिकल अफेयर कमिटी के सदस्य संजय सिंह ने बताया कि अरविंद केजरीवाल 1 मार्च से 3 मार्च तक झाडू चलाओ यात्रा के दौरान यूपी के विभिन्न जिलों में जाएंगे।
पार्टी के अनुसार यूपी में उसके 3.5 लाख से ज्यादा कार्यकर्ता हैं। पार्टी को एनसीआर से लगते इसके जिलों से काफी उम्मीदें हैं।
पिछले रविवार को रोहतक में लोकसभा चुनावों के प्रचार की शुरुआत करते हुए केजरीवाल ने बीजेपी के नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा था। केजरीवाल ने गैस कीमतों को लेकर नरेंद्र मोदी से सवाल किया था।
कांग्रेस से हटकर मोदी पर हमला शुरू
केजरीवल ने आरोप लगाया था कि नरेंद्र मोदी की रैली और प्रचार तंत्र को मुकेश अंबानी फंड दे रहे हैं। और इसके बदले मोदी, अंबानी की सहायता करते हैं।
दिल्ली के सीएम पद से इस्तीफा देने के बाद केजरीवाल ने रोहतक में पहली बार किसी रैली को संबोधित किया था। 45 वर्षीय केजरीवाल ने उस रैली में हरियाणा के सीएम भूपिंदर सिंह हुड्डा को 'प्रॉपर्टी डीलर' कहकर संबोधित किया था।