आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक रविवार को फंड के लिए लंच की टेबल पर बैठे। उम्मीद के मुताबिक कमाई भी ठीक रही। पार्टी फंड के लिए मौके पर ही करीब 15 लाख रुपये जुट गए। जबकि करीब 10 लाख रुपये बाद में देने का लोगों ने वायदा भी किया।
खास बात यह रही कि फंड जुटाने का अभियान विधान सभा के स्तर पर था। पूर्व विधायक सौरभ भरद्वाज ने स्थानीय रेस्टोरेंट में इसका इंतजाम किया था।
पार्टी नेता संजय सिंह व आशुतोष के साथ अरविंद केजरीवाल करीब 12.30 बजे लंच करने ग्रेटर कैलाश स्थित पंचशील रेस्टोरेंट पहुंचे। यहां एक प्लेट की कीमत 20 हजार रुपये रखी गई थी।
करीब 150 लोगों के साथ तीनों नेताओं ने लंच किया। इसमें 70 फीसदी से ज्यादा लोग अलग-अलग पेशों में काम करने वाले प्रोफेशनल थे। जबकि कारोबारियों की संख्या 30 फीसदी से कम थी।