भाजपा ने आप से कहा, पहले भगवंत मान, आतिशी और गोपाल राय से पूछें
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आम आदमी पार्टी पर पलटवार करते हुए कहा कि अगर प्रदूषण के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का बिहार चुनाव प्रचार में जाना गलत है, तो आम आदमी पार्टी यह बताए कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, दिल्ली की नेता प्रतिपक्ष आतिशी और पूर्व मंत्री गोपाल राय के गुजरात और गोवा प्रवास पर पार्टी क्या कहेगी।
सचदेवा ने कहा कि आप नेताओं की बयानबाजी तर्कहीन और तथ्यहीन है। उन्होंने पूछा कि फरवरी 2025 के विधानसभा चुनाव हारने के बाद से गायब रहे पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को आज बयान देने के लिए कहां से लाया गया। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि दिल्ली में प्रदूषण की स्थिति पहले की तुलना में बेहतर है। उन्होंने आंकड़े देते हुए कहा कि आज दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स करीब 310 रहा, जबकि तीन नवंबर 2024 को यह 382, 2023 में 468 और 2022 में 450 रिकॉर्ड हुआ था। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आप नेता तब क्यों खामोश थे, जब दिल्ली की हवा और ज्यादा खराब थी।
सचदेवा ने कहा किसी राज्य में चुनाव के दौरान मुख्यमंत्री या मंत्री का प्रचार के लिए दूसरे राज्यों में जाना सामान्य प्रक्रिया है, लेकिन आप अब इस पर भी राजनीति कर रही है।