फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिल्ली विधानसभा चुनावः सीएम केजरीवाल को आतंकी कहने पर आप का शांति मार्च

Sat, 01 Feb 2020 06:05 AM IST
दुष्यंत शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
विज्ञापन
विरोध में शांति मार्च - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को आतंकवादी कहने के खिलाफ शुक्रवार को आम आदमी पार्टी (आप) कार्यकर्ताओं ने शांति मार्च निकाला। कार्यकर्ताओं ने मुंह पर काली पट्टी बांधकर हाथ में बैनर ले रखे थे। इस दौरान लोगों से अपील की कि अरविंद केजरीवाल को आतंकवादी नहीं मानने वाले 8 फरवरी को झाडू़ के निशान वाला बटन दबाएं।

विज्ञापन


आप का कहना है कि अपनी हार को देखकर भाजपा बौखला गई है, इसलिए वह निचले दर्जे की बयानबाजी कर रही है। इसी कड़ी में भाजपा सांसद प्रवेश वर्मा ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को आतंकवादी तक कह डाला। यह दिल्ली की जनता का अपमान है। इसके विरोध में दिल्ली के सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में आप नेताओं व कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण मार्च निकाला।

तीन दिवसीय इस अभियान में दिल्ली के लोगों से सवाल किया जा रहा है कि भारी बहुमत से चुनी गई सरकार व उसके मुख्यमंत्री को आतंकी कहना क्या दिल्ली का अपमान नहीं है।
विज्ञापन


उधर चंडीगढ़ में भी आम आदमी पार्टी चंडीगढ़ ने भाजपा सांसद प्रवेश वर्मा द्वारा अरविंद केजरीवाल को आतंकी बोलने का कड़ा विरोध जताया है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने इसके विरोध में शुक्रवार को भाजपा कार्यालय कमलम के बाहर धरना दिया। साथ ही मांग की कि भाजपा सांसद अपने इस बयान को लेकर माफी मांगें। पार्टी को भाजपा सांसद की सदस्यता रद्द करने की भी बात कही।

धरने का नेतृत्व कर रहे चंडीगढ़ आप के अध्यक्ष प्रेम गर्ग ने कहा कि अरविंद केजरीवाल आप के अध्यक्ष ही नहीं दिल्ली के मुख्यमंत्री भी हैं। यह उनका अपमान नहीं, बल्कि दिल्ली की जनता का अपमान है। दिल्ली की जनता के लिए उन्होंने पांच साल के कार्यकाल में बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य में बेहतरीन कार्य किए हैं। भाजपा सहित अन्य विपक्षी पार्टियां उनके द्वारा किए गए कार्यों से बौखलाई हुई हैं, इसलिए विपक्षी नेता अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं।

सांसद द्वारा दिल्ली के मुख्यमंत्री को आतंकी कहे जाने वाला बयान इसी का उदाहरण है। उन्होंने बताया कि भाजपा सांसद प्रवेश वर्मा का यह बयान देश के लोकतंत्र की हत्या करने के बराबर है, क्योंकि भाजपा के नेता देश में ऐसा माहौल बनाने में लगे हैं कि अगर कोई भी उनका विरोध करेगा तो उसको या तो देशद्रोही या आतंकवादी घोषित कर देंगे।

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें