भजनपुरा इलाके के गामड़ी गांव में रविवार रात हुए विवाद के बाद आम आदमी पार्टी की विधायक सरिता सिंह ने भी एएसआई ओमपाल के खिलाफ लिखित शिकायत दी है।
विधायक ने आरोप लगाया है कि कार पार्क करने को लेकर हुए विवाद के बीच आरोपी ने पुलिसिया रौब दिखाते हुए कार पर डंडा मारा। इसके बाद एएसआई ने उनके साथ गाली-गलौच भी की।
मामले पर उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त वीनू बंसल का कहना है कि शिकायत ले ली गई है। फिलहाल कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है। विधायक के आरोपों की छानबीन की जा रही है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
डंडा मारकर कार हटाने के लिए एसआई ने कहा
पुलिस के मुताबिक अपनी शिकायत में सरिता सिंह ने बताया है कि रविवार शाम को वह पार्टी के एक कार्यकर्ता के यहां शादी समारोह में आई थी। जैसे ही उनका चालक कार पार्क करने लगा।
अचानक वहां मौजूद एएसआई ओमपाल ने उनकी कार पर डंडा मारकर कार हटाने के लिए कहा। सरिता का आरोप है कि इसी दौरान एएसआई ने गाली भी दी।
वहां मौजूद लोगों ने एएसआई को बताया कि सरिता सिंह रोहताश नगर से आम आदमी पार्टी की विधायक हैं। इस पर भी वह शांत नहीं हुआ और पार्टी को भला-बुरा कहने लगा।
वीडियो में विधायक कर रही हैं बदसलूकी
यह देखकर सरिता कार से उतरी और एएसआई से बदसलूकी न करने के लिए कहा। सरिता ने अपनी शिकायत में अपनी ओर से किसी भी तरह की बदसलूकी से इनकार किया।
वहीं दूसरी ओर ओमपाल ने बताया कि मुख्यमंत्री के आने की खबर की वजह से उन्होंने कार को सही पार्क करने की गुजारिश की थी। इसी बात पर उनके चालक ने ओमपाल की बाइक को भी टक्कर मार दी।
बाद में उसे जान से मारने की धमकी दी। विधायक ने भी ओमपाल को खूब भला-बुरा कहा। ओमपाल की शिकायत पर भजनपुरा थाने में सरकारी में बाधा, जान से मारने की धमकी और लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया गया है। हालांकि पूरे मामले का वीडियो भी पुलिस को मिला है, जिसमें विधायक की एएसआई से बदसलूकी करती हुई दिखाई दे रही हैं।