आम आदमी पार्टी की कलह दक्षिणी राज्यों तक पहुंच गई है। तमिलनाडु की पार्टी नेता और कार्यकारिणी सदस्य क्रिस्टीना सैमी ने बुधवार को पैनल से इस्तीफा दे दिया। ऐसा उन्होंने योगेंद्र यादव और प्रशांत भूषण को महत्वपूर्ण पदों से हटाने के विरोध में किया है।
4 मार्च को राजनीतिक मामलों की समिती (पीएसी) की बैठक में यादव और प्रशांत भूषण को हटाने के प्रस्ताव के विरोध में उन्होंने मतदान किया था। क्रिस्टीना ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं और पार्टी सिद्धांतों से हट चुकी है। उनका कहना है कि अगर यादव और प्रशांत भूषण पार्टी विरोधी गतिविधियों में सक्रिय थे तब भी मामला आंतरिक लोकपाल के पास जाना चाहिए था।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति से हटने का फैसला उन्होंने इस लिए भी किया कि आम लोगों की उम्मीदें अब टूट चुकी हैं। हालांकि उन्होंने कहा कि वे राष्ट्रीय परिषद की सदस्य बनी रहेंगी। घुटने के आपरेशन की वजह से वे 28 मार्च की राष्ट्रीय परिषद की बैठक में शामिल नहीं हुई थीं।