लंबे समय से हिंदू राष्ट्र की आवाज बुलंद कर रहे जगद्गुरू परमहंसाचार्य ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर देश भर के रामभक्तों से अपील की है कि वे सभी आम आदमी पार्टी का बहिष्कार करें, क्योंकि आम आदमी पार्टी राम व राष्ट्र विरोधी है।
वीडियो में परमहंसाचार्य ने कहा है कि आम आदमी पार्टी खुले मंच से अब हिंदुओं का मतांतरण करा रही है। पूरे देश में आम आदमी पार्टी का बहिष्कार किया जाए। संत ने कहा कि तुष्टीकरण करने वाली तमाम राजनीतिक पार्टियां हैं, लेकिन इतनी नीच हरकत आज तक किसी पार्टी ने नहीं की। इसलिए आम आदमी पार्टी का पूर्ण रूप से बहिष्कार जरूरी है, क्योंकि आम आदमी पार्टी सनातन विरोधी है।
विहिप ने की थी कार्रवाई की मांग
इस कथित धर्मांतरण की घटना पर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने कठोर प्रतिक्रिया व्यक्त की थी। संगठन ने इसे साजिशन हिंदू समाज को बांटने और कमजोर करने की साजिश बताया था। विहिप के वरिष्ठ नेता विनोद बंसल ने आरोप लगाया कि अब तक अरविंद केजरीवाल और उनकी आम आदमी पार्टी मुस्लिम तुष्टिकरण कर रही थी और ईसाई मिशनरियों का साथ दे रही थी। अब उसके मंत्री खुलेआम हिंदू धर्म के देवी-देवताओं के खिलाफ बातें कर रहे हैं और लोगों से उनके खिलाफ शपथ दिलवा रहे हैं। बंसल ने इसे सबसे खराब राजनीति का चेहरा बताया और कहा था कि इस मामले में कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।