आम आदमी पार्टी ने एक सार्वजनिक सूचना जारी करते हुए एडमिशन के नाम पर अतिरिक्त फीस या डोनेशन वसूल रकने वालों को निशाना बनाया है।
शुक्रवार को अखबारों में जारी एड में आप सरकार ने मोटे अक्षरों में कहा है कि डोनेशन या कैपिटेशन फीस लेना गैरकानूनी और दंडनीय है।
इस एड में लोगों से अपील की गई है कि अगर कोई भी एडमिशन के नाम पर इस तरह की अतिरिक्त फीस मांगे तो उसकी ऑडियो या वीडियो रिकॉर्डिंग कर लें।
इस सार्वजनिक सूचना में आप सरकार के शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया का मेल आईडी भी दिया गया है। लोगों से कहा गया है कि अपनी शिकायत वाला ऑडियो या वीडियो वर्जन इस मेल आईडी पर सीधे भेज दें।
चुनावी वादों पर तेजी से शुरु हुआ अमल
इस एड में साफ लिखा है कि शिकायत सही पाए जाने की स्थिती में दोषी स्कूलों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी। चुनाव के दौरान भ्रष्टाचार पर प्रहार करने वाली आम आदमी पार्टी ने सत्ता में आते ही सख्त कदम उठाने शुरु कर दिए हैं।
बता दें कि दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने चुनाव प्रचार के दौरान ही कहा था कि भ्रष्टाचार की वजह से सरकार का अधिकतम पैसा दलालों की जेब में जाता है। साथी ही कमीशन खाने के लिए अनावश्यक खर्चों में भी जनता का पैसा बर्बाद किया जाता है।
इस सार्वजनिक सूचना के माध्यम से आप सरकार ने भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी लड़ाई के लिए पहला कदम उठाया है जिसके आगे और भी सख्त होने की संभावना है। देखना होगा कि आने वाले दिनों में दिल्ली की जनता इस अपील पर कैसी प्रतिक्रिया देती है।
सीएम ने की पुलिस कमीश्नर से मुलाकात
इस बीच अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को दिल्ली पुलिस कमीश्नर बीएस बस्सी से मुलाकात की। इस मुलाकात का मकसद दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने से संबंधित मुद्दों पर बात करना था।
आम आदमी पार्टी ने अपने चुनावी घोषणपत्र में दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने और बसों में होमगार्ड्स की नियुक्त करने की बात कही थी।
बीएस बस्सी से मुलाकात के दौरान दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में सीसीटीवी लगाने के मुद्दे पर भी बात की।