आम आदमी पार्टी के मेवात अध्यक्ष नूरूद्दीन नूर एडवोकेट ने शनिवार को नूंह के मंगल सदन में पत्रकार वार्ता में कहा कि पूर्व मुयमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा और मेवात के एक तत्कालीन मंत्री ने स्थानीय जनता के सामने रेल लाइन के मुद्दे पर झूठ बोला।
26 फरवरी 2013 के दिन इस झूठ को लेकर मुयमंत्री का एक पत्र भी अखबारों में प्रकाशित कराया गया, जिसमें हरियाणा सरकार की ओर से मेवात की रेल लाइन के लिए आधा बजट देने की बात कही गई थी।
नूर ने इसे सरासर झूठ करार देते हुए कहा कि यह बात रेल मंत्रालय से आरटीआई के माध्यम से मिली जानकारी के अनुसार झूठी पाई गई। उन्होंने कहा कि तत्कालीन पूर्व मुयमंत्री ने ऐसा पत्र कभी भेजा ही नहीं।
उन्होंने मौजूदा भाजपा सरकार से इस मामले की जांच कराने तथा सार्वजनिक तौर पर झूठ बोलने वाले नेताओं के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग उठाई।
उन्होंने मेवात की जनता को आजाद हिंद फौज के संस्थापाक और प्रसिद्ध स्वतंत्रता सेनानी नेता जी सुभाष चन्द्र बोस की 119 वीं जयंती पर दिवंगत नेता को भाव-भीनी श्रद्धांजलि भेंट की तथा देश के वीर यौद्धाओं एवं अमर नायकों के दिखाए मार्ग पर चलने की जरूरत बताई।
आप नेता ने इस मौके पर यह संकेत भी किया कि उनकी पार्टी 30 जनवरी को मेवात में आप जिला कार्यकारिणी की घोषणा करने जा रही है जबकि जिले में नूंह, फिरोजपुर झिरका और पुन्हाना विधानसभा स्तर पर अलग से कार्यकारिणी फरवरी माह में घोषित की जाएंगी।
पंजाब और पश्चिमी बंगाल के अलावा अन्य राज्यों में विधानसभा चुनाव में मेवात के आप कार्यकर्त्ताओं के पार्टी हाईकमान के आदेश पर प्रचार के लिए जाने के अलावा उन्होंने पंचायत चुनाव की प्रक्रिया पूर्ण हो जाने के बाद मेवात कैनाल, केन्द्रीय विश्वविद्यालय की स्थापना, जिला सैनिक बोर्ड कार्यालय, सैनिक भर्ती कार्यालय की स्थापना व सामाजिक बुराईयों को दूर करने के लिए विशेष अभियान चलाकर जनता को जागरुक करने तथा सरकार को इन मुद्दों पर काम करने के लिए मजबूर करने की रणनीति बनाने का भी खुलासा किया।
उन्होंने इस मौके पर कहा कि पूर्ववर्ती सभी राजनीतिक दलों की सरकारों ने मेवात के हितों और मांगों की उपेक्षा की है। जनप्रतिनिधियों पर जनता से दगाबाजी का आरोप मंढते हुए उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस के मौके पर मेवात को मानवता के आधार पर उनके जायज हक मिलने चाहिए।
इसके लिए मेवात की जनता का साथ लेकर सहयोग किया जाएगा। उन्होंने उमीद जताई कि मेवात के हितों की लड़ाई में जनता जरूर आम आदमी पार्टी का साथ देगी। इस मौके पर अतर हुसैन झारपड़ी, अजीज अतर एडवोकेट, अयुब एडवोकेट व कुछ अन्य लोग मौजूद रहे।