महाबल मिश्रा ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया
- फोटो : एएनआई
पश्चिमी दिल्ली लोकसभा सीट से गठबंधन प्रत्याशी महाबल मिश्रा ने शनिवार को नामांकन दाखिल किया। इससे पहले उन्होंने मंदिर में श्रीराम का आशीर्वाद लेकर रोड शो किया। इस दौरान राज्यसभा सांसद संजय सिंह और कैबिनेट मंत्री कैलाश गहलोत समेत विधायक व सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। ढोल-नगाड़ों के साथ निकले नामांकन जुलूस में कार्यकर्ताओं ने तिरंगा व पार्टी के झंडे के साथ केजरीवाल जिंदाबाद के नारे लगाए।
इस मौके पर महाबल ने कहा कि इस बार मुझे कोई चुनौती नहीं दिखाई दे रही है। केजरीवाल की गिरफ्तारी से लोगों के मन में रोष है। वे गरीबों की मदद करते हैं। उनकी गारंटी हर घर में दिखाई देती है। फ्री बिजली, मुफ्त पानी की सुविधा लोगों को मिल रही है। दिल्ली में स्वास्थ्य और शिक्षा को बेहतर किया। मोहल्ला क्लीनिक बनवाए। अस्पतालों में एमआरआई और सीटी स्कैन जैसे महंगे टेस्ट मुफ्त में होते हैं। बुजुर्गों के लिए तीर्थयात्रा योजना चलाई। महिलाओं को फ्री बस यात्रा की सुविधा दी। वहीं, पीएम की गारंटी जुमले के अलावा कुछ नहीं है। यह चुनाव 2009 के चुनाव की तरह दिखाई दे रहा है। लोगों में इस बार गठबंधन को जिताने का जज्बा है। भाजपा ने छह सांसदों के टिकट काटकर खुद ही हार मान ली है, क्योंकि उन्होंने कोई काम नहीं किया है।
वहीं, संजय सिंह ने कहा कि दिल्ली के बेटे केजरीवाल को जेल में डालने से लोगों में काफी गुस्सा है। दिल्ली की जनता जेल में डालने वाले को वोट से जवाब देगी। भाजपा का 400 पार का नारा फर्जी है। उन्होंने बंगाल में 200 पार कहा था, लेकिन 73 सीटें आईं, दिल्ली में 45 पार कहा था, लेकिन 8 सीटें आईं और मिजोरम में 21 पार कहा था, लेकिन केवल 1 सीट आई। कैलाश गहलोत ने कहा कि महाबल मिश्रा सबसे अनुभवी प्रत्याशी हैं, बतौर सांसद बहुत अच्छा काम किए हैं।