आम आदमी पार्टी (आप) से अलग होकर आम आदमी सेना बनाने वाले प्रभात कुमार ने सोमवार को आप की होर्डिंग पर गुस्सा उतारा। सेना समर्थकों ने उस पर स्याही पोत दी। साथ ही पोस्टर के नीचे बड़े अक्षरों में लायर (झूठा) भी लिख दिया।
यही नहीं, इन्होंने भाजपा की कुछ होर्डिंग पर इराक में लापता भारतीयों के बारे में केंद्र सरकार से सवाल किया है। वहीं, इस बारे में आप नेता मनीष सिसोदिया का कहना है कि ईमानदारी की राह पर चलने पर इस तरह की मुश्किलें आएंगी, लेकिन काली स्याही पोतवाने वाले लोगों को काले धन का भी हिसाब देना चाहिए।
प्रभात कुमार के नेतृत्व में दर्जन भर कार्यकर्ताओं ने सबसे पहले जनकपुरी स्थित जनक सिनेमा के सामने की होर्डिंग पर स्याही पोती। इसके बाद लाजवंती गार्डन बस स्टॉप, पूसा रोड इंद्रपुरी और राजेंद्र नगर इलाके की होर्डिग पर क्रॉस करते हुए लॉयर (झूठा) लिख दिया।
फिर, आरएमएल अस्पताल बस स्टॉप पर लगी होर्डिंग को भी निशाना बनाया। प्रभात के मुताबिक, केजरीवाल की 49 दिन की उपलब्धियां झूठ का पुलिंदा हैं। सरकार से भागने के बाद वह दिल्ली की जनता को गुमराह कर रहे हैं। सेना उनको अपने मकसद में कामयाब नहीं होने देगी।