फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lok Sabha Election: 'संसद में भी केजरीवाल, तो दिल्ली होगी और खुशहाल', लोकसभा चुनाव के लिए 'आप' ने दिया नारा

Fri, 08 Mar 2024 12:41 PM IST
विजय पुंडीर अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली

सार

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने लोकसभा चुनाव के लिए दिल्लीवासियों से आशीर्वाद मांगा। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि बीजेपी, एलजी दिल्ली वालों से नफरत करते हैं।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने लोकसभा के लिए शुरू किया कैंपेन - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आम आदमी पार्टी ने शुक्रवार को लोकसभा चुनाव के लिए अभियान शुरू कर दिया। पार्टी ने इसके लिए ‘संसद में भी केजरीवाल तो दिल्ली होगी और खुशहाल’ स्लोगन जारी किया है। इस मौके पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान व चारों उम्मीदवार मौजूद रहे।

विज्ञापन


इस मौके पर केजरीवाल ने इंडिया गठबंधन के सातों उम्मीदवारों को जिताने की अपील करते हुए कहा कि वे अकेले उपराज्यपाल व केंद्र सरकार से लड़ रहे हैं। दिल्ली में भाजपा, उपराज्यपाल व केंद्र सरकार उनके सभी काम रोकने की कोशिश करते हैं। ये दिल्ली के दो करोड़ लोगों से नफरत करते हैं। तीन बार यहां आप की सरकार बनने से ऐसा किया जा रहा है। छह-सात साल पहले जब वह मोहल्ला क्लीनिक बना रहे थे, तो भाजपा शासित एमसीडी ने इसे तोड़ दिया था। जब सीसीटीवी कैमरे लगाने चालू किए, तो उपराज्यपाल ने फाइल रोक दी। इसके लिए उपराज्यपाल के घर में 10 दिन तक धरना देना पड़ा था। इसके बाद फाइल मंजूर हुई। मोहल्ला क्लीनिक की बिजली काट दी। किराया व दवाइयां रोककर जांच भी बंद कर दी। 

सीएम ने आगे कहा कि आप सरकार हर घर को राशन देना चाहती थी, लेकिन इसकी भी फाइल रोक ली गई। योग की कक्षाएं बंद कर दीं। सड़क दुर्घटना के पीड़ितों को बचाने के लिए लागू योजना फरिश्ते रोकी गई। इसके लिए अदालत तक जाना पड़ा। इतना निर्दयी कौन हो सकता है जो गरीबों का इलाज बंद कर दे। जब यह सब हो रहा था, तब सातों सांसद तालियां बजा रहे थे। जब संसद में अध्यादेश पास कर दिल्ली के लोगों का हक छीना जा रहा था, तब ये सातों सांसद कहां थे। एलजी के पास जाकर सांसद आपके काम रुकवाते हैं। जिस तरह दिल्ली विधानसभा में दो बार 70 में से 67 व 62 सीटें देकर जिताया, वैसे ही लोकसभा चुनाव में भी वोट दें। मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट में महिला सम्मान योजना के तहत एक हजार रुपये देने की घोषणा से महिलाएं बहुत खुश हैं। महिलाओं को यकीन नहीं हो रहा है। यह कोई वादा नहीं, विधानसभा में योजना पास हो गई है।
विज्ञापन


आप केवल काम की राजनीति करती है : मान
भगवंत मान ने कहा कि नफरत की नहीं, आप केवल काम की राजनीति करती है। तभी दिल्ली की जनता ने केजरीवाल और आप को दो बार प्रचंड बहुमत दिया। केजरीवाल दिल्लीवालों के लिए अकेले लड़ रहे हैं। अगर आप दिल्ली के सातों सांसद आम आदमी पार्टी को देते हैं तो केजरीवाल को सात हाथ और मिल जाएंगे। पंजाब के लोग आप को सभी 13 सीटें देने जा रहे हैं। राज्यसभा में 10 सांसद पहले से हैं। चुनाव बाद दोनों सदनों में आप की ताकत 30-40 तक पहुंच जाएगी। इतने सांसद इकट्ठे होकर दिल्ली के लोगों के हक की लड़ाई लड़ेंगे तो किसी की हिम्मत नहीं होगी कि दिल्ली और पंजाब का कोई काम रोक सके।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा, आज आप एक राष्ट्रीय पार्टी बन गई है। दिल्लीवासियों ने पिछले चुनावों में प्रचंड जीत दिलाकर आप के प्रति अपार प्यार और विश्वास दिखाया है। हम काम की राजनीति में विश्वास करते हैं, नफरत की राजनीति में नहीं। अरविंद केजरीवाल राष्ट्रीय राजधानी के लोगों को सर्वोत्तम सुविधाएं प्रदान करने के लिए दिन-रात काम करते हैं, हालांकि, केंद्र सरकार दिल्ली जल बोर्ड जैसे सभी महत्वपूर्ण कार्यों को रोक रही है।

केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए पंजाब सीएम भगवंत मान ने कहा कि केंद्र दिल्ली के साथ अन्याय कर रहा है। इन्होंने जलबोर्ड को बर्बाद कर दिया। दिल्ली में हर योजना को रोका जा रहा है। केजरीवाल आपकी लड़ाई अकेले लड़ रहे हैं। पंजाब सीएम ने आगे कहा कि आपके काम रोकने वालों, परेशान करने वालों और विकास को रोकने वालों को पहचाने और उनके गलत कामों की सजा दें। हम आपके परिवार का हमेशा ख्याल रखने वाले हैंl अरविंद केजरीवाल अकेले लड़ रहे हैं लेकिन उनके पास आप सभी हैं और यही हमारी 'शक्ति' है। वो कहते हैं डबल इंजन, हम कहते हैं 'डबल शक्ति'।

पर्चा लेकर दिल्ली में हर घर जाएंगे आप कार्यकर्ता
कार्यक्रम के दौरान एक पर्चा भी जारी किया। इसमें बीते नौ सालों के आप सरकार के कामों को सिलसिलेवार ढंग से दर्ज किया गया है। आप कार्यकर्ता हर घर तक इस पर्चे को पहुंचाकर बताएंगे कि इस बीच जनहित की कौन सी योजनाओं को लागू होने से रोकने के लिए भाजपा ने एलजी के जरिये कितनी बाधाएं खड़ी कीं।

Trending Videos
विज्ञापन

दिल्ली में चार लोकसभा सीटों पर 'आप' ने उतारे उम्मीदवार
लोकसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की चार लोकसभा सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की है। पार्टी ने अपने तीन विधायकों सोमनाथ भारती, कुलदीप कुमार व सहीराम को मैदान में उतारा है, जबकि पश्चिमी दिल्ली में कांग्रेस से आप में शामिल हुए महाबल मिश्रा को मौका दिया है।

नई दिल्ली सीट पर सोमनाथ, पूर्वी दिल्ली से कुलदीप व दक्षिणी दिल्ली से सहीराम चुनाव लड़ेंगे। इसके अलावा आप ने राज्यसभा के पूर्व सदस्य सुशील गुप्ता को कुरुक्षेत्र से उम्मीदवार बनाया है। सीट बंटवारे को लेकर हुए समझौते के तहत आप दिल्ली में आम आदमी पार्टी चार और कांग्रेस तीन सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

पंजाब में अकेले चुनाव लड़ेगी आम आदमी पार्टी
बीते दिनों पंजाब में आगामी लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ आम आदमी पार्टी (आप) के गठबंधन पर पूरी तरह से तब विराम लगा गया जब आप की पॉलिटिकल अफेयर कमेटी (पीएसी) की बैठक में आप के पंजाब में अलग चुनाव लड़ने को लेकर फैसले पर मुहर लगी। पंजाब के सह प्रभारी डॉ. संदीप पाठक ने बताया कि पंजाब में दोनों पार्टियों ने अलग-अलग चुनाव लड़ने का फैसला लिया है और वह इस फैसले का सम्मान करते हैं। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें