मानहानि के मुकदमे में बेल बांड न भरने की जिद के चलते आम आदमी पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल को जेल भेजे जाने के दूसरे दिन भी बवाल और हंगामे का दौर जारी है।
विज्ञापन
तिहाड़ जेल में बंद अरविंद केजरीवाल जेल के भीतर ही मॉर्निंग वॉक पर निकले और इसके बाद उन्होंने जेल में मिलने पहुंचीं उनकी पत्नी और कुछ पार्टी नेताओं से भी मुलाकात की।
बता दें कि केजरीवाल को तिहाड़ जेल नंबर चार के वार्ड 15 में रखा गया है। यहां वह फिलहाल 23 मई तक रहेंगे।
'मै आम आदमी की लड़ाई लड़ रहा हूं'
पीटीआई के अनुसार, अरविंद केजरीवाल रात में ठीक से सोये और सुबह जल्दी जागकर मॉर्निंग वॉक पर निकले। वॉक के बाद केजरीवाल अपनी सेल में लौट और नाश्ता भी किया।
यही नहीं, नाश्ता करने के बाद केजरीवाल ने जेल में ही तीन-चार न्यूज पेपर भी पढ़े। सुबह करीब 10 बजे केजरीवाल ने पार्टी के नेता संजय सिंह और आशुतोष से मुलाकात की। इस दौरान वह अपनी पत्नी सुनीता से भी मिले। उनकी पत्नी कपड़े और दवाइयां लेकर तिहाड़ पहुंचीं थीं।
जेल सूत्रों के अनुसार, केजरीवाल ने तिहाड़ के गार्ड और अन्य कर्मचारियों से भी बातचीत की। केजरीवाल ने उन्हें बताया कि वह आम आदमी के लिए भ्रष्टाचार और महंगाई के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं।
इसी सेल में रखे गए थे केजरी के गुरु
बता दें कि केजरीवाल को बीजेपी नेता नितिन गड़करी की ओर से दायर की गई मानहानि याचिका के मामले में जमानत न लेने पर अदालत ने जेल भेज दिया।
केजरीवाल ने गडकरी के केस में बेल बॉंड के तौर पर 10 हजार रुपए जमा करने से मना कर दिया था। बीती रात केजरीवाल ने भी आम कैदियों की तरह जेल में मिलने वाला खाना खाया था।
गौर करने वाली बात ये है कि तिहाड़ की जिस सेल में केजरीवाल को रखा गया है उसी में साल 2011 में जनलोकपाल के लिए अनशन करने के दौरान अन्ना हजारे को भी रखा गया था।
AAP ने अपनाया नया रास्ता
AAP के मुखिया अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद अब पार्टी ने इसके खिलाफ घर-घर जाकर जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया है।
डोर-टू-डोर कैंपेन का ये फैसला गुरुवार सुबह तिहाड़ जेल में अरविंद केजरीवाल के साथ मीटिंग के बाद लिया गया है।
'आप' के वरिष्ठ नेता आशुतोष ने बताया कि केजरीवाल से मुलाकात के बाद इस बात का फैसला किया गया है कि पार्टी विरोध-प्रदर्शन करने के बजाय अब डोर-टू-डोर कैंपेन चलाकर दिल्ली की जनता को इस पूरे मामले से अवगत कराएंगे।
जमानत देकर जेल से छूटे योगेंद्र यादव
सूत्रों के अनुसार, बुधवार रात को जेल के बाहर प्रदर्शन के दौरान आप कार्यकर्ता दिल्ली पुलिस के जवानों से भिड़ गए।
इस मामले में आप के वरिष्ठ नेता योगेंद्र यादव, मनीष सिसोदिया, राखी बिड़लान समेत 59 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया था।
ताजा जानकारी के मुताबिक यागेंद्र यादव को पांच हजार रुपए बेल बॉंड भरने के बाद रिहा कर दिया गया है। केजरीवाल की पत्नी ने कहा कि उनके पति कोई क्रिमिनल नहीं हैं, इसलिए जमानत राशि भरने का कोई औचित्य ही नहीं बनता।
एलजी ने शुरू की सरकार बनाने की चर्चा
दिल्ली में चल रहे राजनीतिक संकट और हाईप्रोफाइल ड्रामे के बीच अब एक बार फिर सरकार बनाने की चर्चा तेज हो गई है। दिल्ली के उपराज्यपाल नजीब जंग ने गुरुवार को कहा कि वह इस मामले पर राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी से चर्चा करेंगे।
एलजी ने इस बात को भी साफ किया के AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दोबारा चुनाव कराने संबंधी कोई संकेत नहीं दिये हैं।
पीटीआई के मुताबिक, सरकार बनाने के सवाल पर एलजी ने कहा कि यह मामला सिर्फ उनके और राष्ट्रपति के बीच है। इसपर चर्चा करना अभी उचित नहीं है।
हालांकि उन्होंने यह साफ किया मंगलवार को मुलाकात के दौरान केजरीवाल और उनकी पार्टी आम आदमी पार्टी ने राजधानी में दोबारा चुनाव कराने जैसी कोई बात नहीं की।
दिल्ली में दोबारा सरकार बनाने की संभावनाओं के बीच अरविंद केजरीवाल ने बुधवार सुबह प्रेस कॉन्फ्रेंस करके दिल्ली की जनता से पिछली गलती के लिए माफी मांगी थी।
एलजी ने यह भी कहा कि दिल्ली के पूर्व सीएम केजरीवाल हों या फिर कोई और, किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने का हक नहीं है। उन्होंने कहा कि दिल्ली जब तक केंद्र शासित प्रदेश है तब तक दिल्ली पुलिस भी गृह मंत्रालय के अधीन ही रहेगी।