आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल जहां पार्टी की गिरती छवि को सुधारने के लिए जेल तक चले गए वहीं, पार्टी के विधायक अभी भी पार्टी की लुटिया डुबो रहे हैं।
राजधानी में बृहस्पतिवार को दो विभागों के इंजीनियर एक विधायक व जनता के गुस्से का शिकार हुए। संगम विहार में जल बोर्ड के जेई ने इलाके के विधायक व उसके समर्थकों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है।
इस मामले में पुलिस ने विधायक व उसके समर्थकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मारपीट में घायल हुआ जेई एम्स में भर्ती है।
समर्थकों के साथ धमके AAP विधायक
दिल्ली जल बोर्ड के जेई अरुण कुमार ने शिकायत में बताया कि वह संगम विहार स्थित दो ब्लॉक में सुबह 10 बजे ट्यूबवेल की खुदाई के कार्य की देखरेख कर रहे थे।
तभी आप कार्यकर्ता ताहिर अली आए और अरुण कुमार कार्य की स्थिति के बारे में पूछने लगे। मामले की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने कहा कि विधायक के कर कमलों से उद्घाटन कराने के बाद ही कार्य को आरंभ किया जाए, लेकिन उन्होंने उनके आग्रह को नहीं माना।
आरोप है कि इसी बीच ‘आप’ विधायक प्रकाश आ गए और अरुण कुमार के साथ दुर्व्यवहार करने लगे।
एई के साथ मारपीट
पुलिस ने जेई के बयान पर मुकदमा दर्ज कर लिया है, लेकिन अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
वहीं, दक्षिण दिल्ली नगर निगम के एक एई के साथ अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करने के दौरान जामिया नगर में स्थानीय लोगों ने मारपीट की।
इस संबंध में एई ने कुछ लोगों के खिलाफ मारपीट करने और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का आरोप लगाया है। उन्होंने घटना की पुलिस को शिकायत भी की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।