दिल्ली सरकार में श्रम एवं रोजगार मंत्री गोपाल राय
लोकसभा चुनाव के अभियान को आगे बढ़ाते हुए आम आदमी पार्टी (आप) ने बुधवार को एक चुनावी गाना लांच किया है। इसकी थीम दिल्ली को पूर्ण राज्य दिलाने से जुड़ी हुई है। पार्टी कार्यालय में मीडिया से बात करते हुए प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने बताया कि पिछले चार साल से केंद्र सरकार दिल्ली के सभी विकास कार्यों में अड़चन पैदा करती रही है। इसकी वजह दिल्ली का आधा-अधूरा राज्य होना रही।
गोपाल राय के मुताबिक, आप की पहली प्राथमिकता दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने की है। इससे दिल्लीवालों के वोट की कीमत दूसरे राज्यों के वोटर के बराबर हो सकेगी। अपनी इसी अपील को पहुंचाने के लिए गाने को लांच किया जा रहा है। पार्टी चुनाव प्रचार में इस गाने को इस्तेमाल करके दिल्ली की जनता को पूर्ण राज्य के महत्व के बारे में बताने का काम करेगी।
दूसरी तरफ, उत्तर पूर्वी दिल्ली लोकसभा के प्रत्याशी दिलीप पांडे ने बताया कि आप समय-समय पर इस तरह के गानों के माध्यम से दिल्ली को जागरूक करने का काम करती रही है। इससे पहले नोटबंदी के समय पर भी पार्टी ने एक गाना लांच किया था। इसकी थीम दिल्ली मांगे पूर्ण राज्य, दो दिल्ली का हक पूर्ण राज्य दो है। यह गीत आगामी चुनाव में सभी पद यात्राओं, सभाओं और रैलियों में बजाया जाएगा।