अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी ने भाजपा सरकार पर नेता प्रतिपक्ष आतिशी की विवादित वीडियो की फॉरेंसिक जांच को लेकर फर्जीवाड़े की संभावना जताई है। प्रदेश संयोजक सौरभ भारद्वाज ने कहा कि फॉरेंसिक जांच केवल आतिशी की आवाज होने की पुष्टि करेगी, लेकिन यह नहीं बताएगी कि वीडियो में क्या बोला गया। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या आतिशी ने वीडियो में गुरु शब्द कहा या नहीं, क्योंकि भाजपा केवल आवाज प्रमाणित करवा रही है, न कि शब्दों की पुष्टि।
भारद्वाज ने आरोप लगाया कि मंत्री कपिल मिश्रा और मनजिंदर सिंह सिरसा धार्मिक उन्माद फैलाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता वीडियो पंजाब पुलिस के पास जाने के बारे में पूछ रहे हैं, जबकि मंत्री कपिल मिश्रा स्वयं यह वीडियो चला रहे हैं।
संजीव झा ने कहा कि भाजपा वीडियो में गलत सब टाइटल और शब्द डालकर फर्जी प्रचार कर रही है। उन्होंने मीडिया और फैक्ट चेकर्स से अपील की कि वे वीडियो की वास्तविक सामग्री जांचें और बताए कि क्या वास्तव में गुरु शब्द बोला गया है या नहीं। झा ने कहा कि भाजपा फॉरेंसिक जांच का उपयोग केवल आवाज पहचान तक सीमित रखकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है।