रणहौला की वारदात, आरोपी ने पीड़ित को तीन गोली मारी, दो कंधे में और एक हाथ में लगी
स्कॉर्पियो में आग लगाने का बदला लेने के लिए मारीं गोलियां
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। रणहौला में रविवार रात रंजिश में युवक पर आरोपी ने तीन गोलियां चला दीं। पीड़ित आजाद आलम (31) के कंधे पर दो और हाथ में एक गोली लगी। राहगीर ने पुलिस की मदद से पीड़ित को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने छानबीन के बाद हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी निशांत (32) को देर रात में ही गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी निशांत ने खुलासा किया है कि तीन माह पहले एक शादी समारोह में झगड़े के बाद आजाद व उसके दोस्तों ने निशांत की स्कॉर्पियो में आग लगा दी थी। उसका बदला लेने के लिए ही उसने आजाद पर जानलेवा हमला किया। पुलिस के मुताबिक आजाद परिवार के साथ मोहन गार्डन में रहता है। वह पेशे से ओला कैब चालक है। सुबह के समय वह एक जिम में ट्रेनर भी है। वहीं आरोपी निशांत परिवार के साथ हस्तसाल गांव में रहता है। इसका प्रॉपर्टी का कारोबार है। साथ ही इसका ठीक-ठाक किराया भी आता है।
रविवार रात को आजाद अपने दोस्त रोहित के साथ विकास नगर में मौजूद था। इस बीच निशांत अपने दोस्तों के साथ वहां पहुंचा और आते ही आजाद से झगड़ा करने लगा। कहासुनी के बाद आरोपी ने अचानक पिस्टल निकाल कर आजाद पर गोलियां चला दीं। वारदात के बाद आरोपी भाग गया। आजाद को तीन गोली लगी। वहां मौजूद कॉलर हंसराज यादव ने पुलिस को सूचना दी। बाद में पीसीआर की मदद से आजाद को नजदीकी अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन के बाद देर रात को निशांत को हस्तसाल इलाके से दबोच लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर वारदात में इस्तेमाल पिस्टल भी बरामद करने का प्रयास कर रही है।