वेस्ट विनोद नगर में बने ज्वैलरी शोरूम से की चोरी
-शांति मार्ग स्थित दुकान पर दोपहर के समय दिया वारदात को अंजाम, सोने के मंगलसूत्र के 12 पेंडेंट चुराकर हुआ चंपत
अमर उजाला ब्यूरो
पूर्वी दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के वेस्ट विनोद नगर इलाके में ग्राहक बनकर आए एक युवक ने जूलरी की दुकान से करीब 7 लाख रुपये से अधिक कीमत के गहने चुरा लिए। वारदात के समय आरोपी ने बड़ी चालाकी से गहने देखने के बहाने चोरी की। हालांकि चोरी की यह पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पीड़ित ज्वेलर की शिकायत पर मंडावली थाना पुलिस ने चोरी का केस किया है। अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की है।
पूर्वी जिला के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पीड़ित विशाल कुमार की वेस्ट विनोद नगर के शांति मार्ग पर उनकी ज्वैलरी की दुकान है। पीड़ित ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि 24 अक्तूबर दोपहर करीब 12 से साढ़े 12 बजे के बीच एक अनजान शख्स उनकी दुकान पर ग्राहक बनकर आया था। आरोपी ने दुकानदार से सोने के गहने दिखाने के लिए कहा। गहने देखने के बहाने उसने दुकानदार का ध्यान भटकाया और नजर बचाकर सोने के मंगलसूत्र के 12 पेंडेंट चोरी कर लिए।