रात में एक युवक अपने निर्माणाधीन घर में सोया हुआ था। सुबह जब परिजनों ने देखा तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। एक निर्माणाधीन घर में एक युवक की गला दबाकर हत्या कर दी गई। पीड़ित परिवार के लोगों पर जानलेवा हमले का एक केस दर्ज है, जिसमें दो लोग जेल में बंद हैं।
पुलिस को अंदेशा है कि पुरानी रंजिश के चलते युवक की हत्या हुई है। सरधना के नवाबगढ़ी निवासी इस्लाम के यहां पर उनका रिश्तेदार राशिद अपने परिवार के संग रहता है। राशिद का एक निर्माणाधीन मकान है, जिसमें उसके बेटे वाजिद (19) की गला घोटकर हत्या कर दी गई।
शनिवार सुबह राशिद गांव पहुंचा तो चारपाई पर वाजिद का शव मिला। पुलिस के मुताबिक राशिद मूल निवासी पीरवाला सोरम गांव, थाना शाहपुर मुजफ्फरनगर है। जहां पर एक वर्ष पूर्व राशिद के परिवार की गांव के इमरान से मारपीट हो गई थी। इमरान ने राशिद पक्ष के खिलाफ जानलेवा हमले का केस दर्ज कराया था।
जिसमें पुलिस ने नामजद साजिद और उसके एक रिश्तेदार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। दर्ज मुकदमे में चल रही रंजिश के कारण राशिद का परिवार चार माह पहले नवाबगढ़ी रिश्तेदारी में आया और यहीं पर उसने एक प्लॉट खरीद लिया।