पुलिस के मुताबिक पूजा अपने पति नरेंद्र के साथ खिचड़ीपुर इलाके में रहती थी। तीन साल पहले नरेंद्र से पूजा की दूसरी शादी हुई थी। पहले पति से पूजा को 9 साल का बेटा है जो अपनी नानी के साथ खिचड़ीपुर में ही रहता है। नरेंद्र से पूजा को डेढ़ साल का एक बेटा है। नरेंद्र कारपेंटर का काम करता है। पूजा की बहन आरती ने बताया कि गुरुवार दोपहर के समय पूजा के जेठ राजकुमार का कॉल आया था। उसने पूजा के फांसी लगाकर खुदकुशी करने की खबर दी। परिवार वहां पहुंचा तो पूजा के शरीर पर चोट के निशान थे।
मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। हंगामे के बाद पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पूजा की बहन आरती ने बताया कि उसकी बहन को ससुराल में मारा-पीटा जाता था। वह आत्महत्या नहीं कर सकती। उसकी पीट-पीटकर हत्या की गई है। बाद में शव को फंदे से लटकाया गया है। पुलिस मामले की जांच करने की बात कर रही है।