सुभाष प्लेस इलाके में शनिवार दोपहर सीवर सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आकर सफाईकर्मी बुध विहार निवासी आकाश की मौत हो गई। उसके साथी पूंठ गांव निवासी गोरेलाल (35), पूंठकलां निवासी रोहित (30) और साई (50) बेहोश हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राथमिक इलाज के बाद गोरेलाल की शिकायत पर पुलिस ने गैरइरादतन हत्या का मामला दर्ज कर बरवाला जैन कॉलोनी निवासी राजकुमार और पूंठकलां निवासी बबलू को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, सुभाष प्लेस में शकूरपुर के एफ ब्लॉक स्थित गैंस एजेंसी के पास सीवर की सफाई कर रहे 4 कर्मियों को बेहोश होने की सूचना पर महावीर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जांच में पता चला कि काम पीडब्ल्यूडी के ठेकेदार की तरफ से कराया जा रहा था।
मजदूरों को सीवर में उतरने से पहले सुरक्षा उपकरण नहीं दिए गए थे। एक-एक करके सफाईकर्मी अंदर गए और काफी देर तक बाहर नहीं निकले। बाहर खड़े लोगों को शक हुआ तो उन्होंने पुलिस व दमकल विभाग को सूचना दी।
दिल्ली सरकार ने दिए जांच के आदेश
दिल्ली सरकार के पीडब्ल्यूडी मंत्री सतेंद्र जैन ने मामले में जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही, मृतक के परिजनों को दस लाख रुपये मुआवजे का एलान किया है। पीडब्ल्यूडी मंत्री ने इंजीनियर इन चीफ से जल्द रिपोर्ट पेश करने को कहा है। एसडीएम ने अपने स्तर पर अलग से जांच शुरू की है।
सतेंद्र जैन घायल सफाईकर्मी से मुलाकात करने भगवान महावीर अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों को उचित इलाज का आदेश दिया। डॉक्टरों ने उन्हें बताया कि दो सफाईकर्मियों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है।