शाहबाद डेयरी इलाके की घटना, दो हमलावरों ने दिया वारदात को अंजाम
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। शाहबाद डेयरी इलाके में रविवार की रात एक युवक ने अपने साथी के साथ एक ई-रिक्शा चालक को गोली मार दी। गोली उसके जबड़े में लगी है। घायल की पहचान 36 साल के राजेश पासवान के रूप में हुई है। पुलिस ने हत्या का प्रयास का केस किया है। शुरुआती जांच में पता चला कि 20 दिन पहले पेरोल पर जेल से छुटकर आए बदमाश ने वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस हत्या में शामिल आरोपी और उसके दोस्त की तलाश कर रही है।
बाहरी-उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी ने बताया कि रविवार रात वाल्मीकि अस्पताल से शाहबाद डेयरी इलाके में एक ई-रिक्शा चालक को गोली मारने के बाद भर्ती कराए जाने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची। जहां पता चला कि घायल राजेश की गंभीर अवस्था को देखते हुए उसे अंबेडकर अस्पताल रेफर किया गया है। डाक्टरों ने पुलिस को बताया कि हमलावरों ने उसके चेहरे के दाहिने तरफ जबड़े में गोली मारी है। पुलिस अंबेडकर अस्पताल पहुंची, जहां से उसे लोक नायक अस्पताल रेफर कर दिया गया था। घायल राजेश बयान देने की हालत में नहीं था। पुलिस ने घटनास्थल पर जांच पड़ताल की। जिसमें पता चला कि पेरोल पर जेल से बाहर आए एक बदमाश ने अपने दोस्त के साथ उसपर गोली चलाई है। दोनों के बीच काफी अरसे से विवाद चल रहा है।