पुलिस के मुताबिक वसीम अपने परिवार के साथ हर्ष विहार के मंडोली विस्तार में रहता है। इसके परिवार में पिता अय्यूब खान के अलावा मां गुलबहार और तीन बहनें हैं। वसीम की करोल बाग इलाके में ऑटो पार्ट्स की दुकान है। इनके पड़ोस में ही लुकमान अपने परिवार के साथ रहता है। लुकमान दिल्ली पुलिस में हवलदार के पद पर तैनात है।
साल 2020 में लुकमान का वसीम की चाची से गली में सफाई लेकर झगड़ा हो गया था। जिस पर आरोपी ने वसीम की चाची को पीटा था। वसीम जब अपनी चाची को बचाने आया तो आरोपी ने उसे भी पीटा था। तभी से दोनों परिवारों बीच रंजिश चली आ रही है। सोमवार को वसीम की शादीशुदा बहन अपने पति के साथ घर पर आई हुई थी। देर रात उसकी बहन जाने लगी तो वसीम मां के साथ बहन को छोड़ने मेन रोड तक बाइक से आ गया। मां-बेटे वापस गली में पहुंचे तो लुकमान वहां बैठा हुआ था। उसने वसीम को ललकारते हुए डंडे से उस पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करा रही गुलबहार पर भी हमला किया गया।
चीख-पुकार सुनकर वसीम के चाचा के बेटे सलीम, मुस्तकीम, महबूब और इमरान भी वहां पहुंचे। आरोपी ने इन पर भी हमला कर दिया। आरोप है कि लुकमान के परिवार के बाकी सदस्य भी वहां पहुंच गए। इन लोगों ने भी परिवार पर हमला कर दिया। हमले में इमरान का हाथ टूट गया, जबकि वसीम, सलीम और महबूब का सिर फट गया। पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। आरोपी लुकमान की तलाश की जा रही है।