फरीदाबाद के नवादा गांव में बृहस्पतिवार को तेरह महीने का बच्चा चूल्हे पर चढ़ी चावल की पतीली में गिर गया, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। ये हादसा गांव निवासी धनंजय के घर पर घटी।
धनंजय की पत्नी रसोई घर में जमीन पर गैस चूल्हे पर खाना बना रही थीं। घर में किसी और के नहीं होने की वजह से 13 माह के बेटे देव को भी वह रसोई में अपने पास बैठाए थीं। महिला किसी काम में व्यस्त हो गई इस दौरान चूल्हे पर चावल पकाने के लिए रखी गई पतीली तक बच्चा पहुंच गया और असंतुलित होकर वह पतीली में गिर पड़ा।
महिला जब तक बच्चे को बाहर निकालती वह बुरी तरह झुलस चुका था। बीके सिविल अस्पताल लाते समय रास्ते में ही बच्चे ने दम तोड़ दिया। डबुआ चौकी इंचार्ज ने बताया कि बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कर परिवार वालों को सौंप दिया गया।