नूंह। प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना के तहत वित्त वर्ष 2026-27 में नूंह जिले के 90 पात्र लाभार्थियों को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए 10 आय सृजन परियोजनाएं प्रस्तावित की गई हैं। इन परियोजनाओं के लिए कुल 45 लाख रुपये की राशि प्रस्तावित है। इसे लेकर जिला स्तरीय परियोजना मूल्यांकन एवं कन्वर्जेन्स समिति की बैठक अतिरिक्त उपायुक्त ज्योति की अध्यक्षता में हुई।
बैठक में मल्टी-पर्पज कमर्शियल व्हीकल सर्विस, एआई कंटेंट क्रिएशन, वेबसाइट डेवलपमेंट, डिजिटल मार्केटिंग, ग्राफिक डिजाइन, वीडियो एडिटिंग और कंप्यूटर रिपेयर जैसी परियोजनाओं पर चर्चा हुई। इसके अलावा रेडीमेड गारमेंट्स, बुटीक व टेलरिंग, सैलून व ब्यूटी पार्लर, स्टील एवं वुड वर्क, कार्ड-फ्लेक्स प्रिंटिंग, होम बेस्ड फूड बिजनेस, किराना स्टोर और होम डेकोर से जुड़ी परियोजनाएं भी शामिल हैं।
अतिरिक्त उपायुक्त ज्योति ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना का लाभ वास्तविक पात्र लोगों तक पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि लाभार्थियों को व्यवसाय शुरू करने से लेकर उसके सफल संचालन तक आवश्यक मार्गदर्शन दिया जाए, ताकि वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें। संवाद